Kanpur: दहेज में बाइक के बदले मांगी कार, नर्सिंग छात्रा ने दी जान, पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
Kanpur Suicide: रावतपुर थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि दहेज मांग से प्रताड़ित होकर कदम उठाया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में नर्सिंग की तैयारी कर रही छात्रा दहेज लोभियों के भेंट चढ़ गई। दरअसल एक साल पहले उसकी शादी तय हुई फिर लड़के ने दहेज में बाइक के बदले कार की मांग कर दी। इससे क्षुब्ध युवती ने पिता की आर्थिक स्थिति को देखते हुए फंदे से लटक कर जान दे दी।
मूलरूप से महोबा के कबरई निवासी नंदकिशोर किसान हैं। वह रावतपुर में पत्नी पार्वती, बेटे महेन्द्र, भरत और बेटी मालती के साथ किराये पर रहते हैं। उनकी बड़ी बेटी रेखा (25) नर्सिंग की तैयारी कर रही थी। पिछले साल उन्होंने रेखा की शादी महोबा के तारनपुरा निवासी जयपाल के साथ तय की थी।
दोनों की मंगनी हो चुकी थी और फोन पर बातचीत होती थी। परिजनों का आरोप है कुछ दिन पहले रेखा के मंगेतर ने उससे दहेज में बाइक के बदले कार की मांग कर दी। कार न देने पर रिश्ता तोड़ देने की धमकी दी। इसे लेकर रेखा काफी परेशान चल रही थी।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
सोमवार रात मंगेतर से फोन पर बात करने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। मंगलवार सुबह उसका शव फंदे पर लटकता मिला। रावतपुर थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दहेज मांग से प्रताड़ित होकर कदम उठाया है।