Kanpur: होमगार्ड भर्ती के लिए बीच सड़क पर दौड़ाए अभ्यर्थी...यातायात प्रभावित, जिला कमांडेंट ने कही ये बात
Kanpur News: मामले में होमगार्ड की जिला कमांडेंट प्रीति शर्मा ने बताया कि शासनादेश के अनुसार विभाग की भर्ती के लिए दौड़ सीधी सड़क होनी चाहिए। इसके अनुसार ही किसी पार्क या पुलिस अथवा ट्रैफिक पुलिस लाइन के ग्राउंड में दौड़ नहीं कराई गई।
विस्तार
कानपुर में होमगार्ड विभाग ने मृतक आश्रित कोटे के रिक्त पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया के बीच गुरुवार को अभ्यर्थियों को दीप तिराहे से सोटे वाले हनुमान मंदिर की सड़क पर दौड़ा दिया गया। इसके लिए विभाग ने बिना पूर्व घोषणा के सुबह करीब दस बजे से बैरिकेडिंग लगाकर एक ओर से रोड बंद कर दिया।
इससे यहां से रोजाना गुजरने वाले लोगों को खासकर ऑफिस टाइम पर पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी। बैरिकेडिंग के चलते दूसरी ओर वाहनों की रफ्तार धीमे होने से जाम जैसे हालात रहे। हालांकि दौड़ के बाद बैरिकेडिंग हटते ही यातायात सामान्य हो गया।
होमगार्ड की जिला कमांडेंट प्रीति शर्मा ने बताया कि शासनादेश के अनुसार विभाग की भर्ती के लिए दौड़ सीधी सड़क होनी चाहिए। इसके अनुसार ही किसी पार्क या पुलिस अथवा ट्रैफिक पुलिस लाइन के ग्राउंड में दौड़ नहीं कराई गई। चूंकि दीप तिराहे से सोटे वाले हनुमान मंदिर की सड़क सीधी है। इसलिए होमगार्ड मुख्यालय ने इसको दौड़ के लिए चुना।
दौड़ में पास होने वाले अभ्यार्थियों का मेडिकल और पुलिस वेरिफिकेशन होगा
वहीं, सुबह कोहरा होने व शाम को वीडियोग्राफी न हो पाने से दौड़ नहीं कराई जा सकती थी। पुरुषों को दो किलोमीटर की दौड़ दस मिनट में और महिलाओं की पांच सौ मीटर की दौड़ को चार मिनट में पूरा करना था। प्रीति ने बताया कि दौड़ में पास होने वाले अभ्यार्थियों का मेडिकल और पुलिस वेरिफिकेशन होगा। इसके बाद उनका प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा।