कारोबारी की पत्नी ने की आत्महत्या: बेड से मिला सुसाइड नोट, लिखा- अपनी मर्जी से कर रही हूं आत्महत्या
किदवई नगर थाना क्षेत्र में कपड़ा कारोबारी की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें लिखा था कि मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रही हूं...किसी को परेशान न किया जाए।
विस्तार
कानपुर में किदवईनगर एच-वन ब्लॉक निवासी कपड़ा कारोबारी आकाश बाथम की पत्नी नेहा (34) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। किदवई नगर पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलवाकर जांच कराई, तो बेड से सुसाइड नोट मिला। इसमें नेहा ने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने और किसी को परेशान न करने की बात लिखी थी।
आकाश बाथम अपनी पत्नी नेहा, गोद ली 13 वर्षीय बेटी वेदिका, चार वर्षीय वानी, मां मधु और पिता अमर नारायण के साथ एच-वन ब्लॉक स्थित अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर रहते हैं। आकाश ने बताया कि वेदिका मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के चलते पढ़ती नहीं थी।
इस कारण नेहा तनाव में रहती थी। रविवार रात में वह छोटी बेटी को उनके कमरे में सुलाने के बाद अलग कमरे में सोने चली गई थी। वह पिछले 10 दिनों से वह अलग कमरे में सो रही थी। सुबह साढ़े नौ बजे तक पत्नी नहीं उठी तो जगाने के लिए कमरे में पहुंचे।
जहां पंखे से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे उसका शव लटकता मिला। घटना की जानकारी घर के अन्य लोगों व बहराइच में रहने वाले मायके वालों को दी है। किदवईनगर थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शव सील किया, फोरेंसिक ने जांच के लिए खुलवाया
किदवई नगर पुलिस शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने वाली ही थी तभी फोरेंसिक टीम पहुंची। शव सील देख उसे खुलवाने को कहा। जिसके बाद उसे खोला गया और टीम ने जांच की।