इटावा में सराफा की हत्या: भरथना एसओ का तबादला, चौकी इंजार्च हो चुका है लाइन हाजिर, पढ़े पूरा मामला
सराय रोड स्थित मकान को लेकर हुए विवाद में 30 अगस्त को दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें मारपीट सराफा व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी शनिवार सुबह मौत हो गई। इस मामले में लापरवाही बरतने को लेकर भरथना एसओ का तबादला हो चुका है।
विस्तार
इटावा जिले में मकान के विवाद को लेकर सराफा व्यापारी के हत्या के मामले में भरथना थाना प्रभारी का तबादला कर दिया गया है। उनको अपराध शाखा विवेचना विंग में तैनात किया गया है। इस पहले घटना के दिन भरथना कस्बा चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह को भी लाइन हाजिर किया जा चुका है।
भरथना के सराय रोड स्थित मकान को लेकर हुए विवाद में 30 अगस्त को दो पक्षों में मारपीट हुई थी। मारपीट में भरथना कस्बा निवासी सराफा व्यापारी सौरभ (39) गंभीर रूप से घायल हो गया थे। सौरभ का इलाज आगरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई थी।
इसके बाद रविवार को परिजनों ने शव को इटावा-कन्नौज हाईवे पर रख कर जाम लगाया था और जमकर हंगामा किया था। दो घंटे तक हाईवे जाम कर रखा था। इस मामले में भरथना थाना प्रभारी ने घटना के बाद सौरभ पर एससी एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दिया था।
वहीं, दूसरे पक्ष पर केवल शांतिभंग की कार्रवाई गई थी। इस पर परिजन नाराज थे। सौरभ की मौत के बाद मां प्रकाशवती की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था और उसी दिन देर शाम को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
तीन आरोपी अभी तक फरार हैं। एससपी जयप्रकाश सिंह ने जिम्मेदारियों का सही से निर्वहन न कर पाने और पूरे मामले में लापरवाही सामने आने पर केएल पटेल को भरथना कोतवाली प्रभारी के पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर एसओजी में तैनात मंसूर अहमद को अस्थायी तौर पर थाने की जिम्मेदारी दी गई है।