Hardoi: जीजा ने साली का बनाया अश्लील वीडियो, वायरल करने की दे रहा है धमकी, केस दर्ज
टड़ियावां थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली युवती ने अपने जीजा के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बताया है कि जीजा ने नशीला पदार्थ खिलाकर सोते समय आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। अब सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है।
विस्तार
हरदोई जिले में ससुराल गए जीजा ने नशीला पदार्थ खिलाकर सोते समय साली का आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना ली। अब वायरल करने की धमकी दे रहा है। जीजा की हरकत से परेशान साली ने टड़ियावां थाने में तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती (26) ने दी तहरीर में बताया कि वह शहर स्थित एक स्कूल में पढ़ाती है। वह चार वर्षों से पढ़ाने आती है। उसकी बड़ी बहन की शादी देहात कोतवाली क्षेत्र के धियर महोलिया गांव निवासी सचिन सिंह के साथ हुई है।
वह कभी बहन के घर रुक जाती थी। आरोप है कि विगत दिनों बहन के घर रुकने पर जीजा ने रात में उसे नशीला पदार्थ खिला दिया था। इसके बाद उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर तस्वीर खींच ली थीं। इसके बाद पीछा करने लगा, हर बात को लेकर हस्तक्षेप करने लगा।
वहीं, बात करने से मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। एसओ नित्यानंद सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दुष्कर्म पीड़िता ने बेटी को दिया जन्म
वहीं, शहर के मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि उसकी (22) वर्षीय बेटी को नवी पुरवा निवासी छोटू कश्यप दिसंबर 2021 में बहला- फुसलाकर ले गया था। पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था। मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मां के मुताबिक उस दौरान युवती गर्भवती हो गई थी। घर में ही रहती थी। बताया कि 30 अक्तूबर को प्रसव पीड़ा होने पर उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर सोमवार को उसने बेटी को जन्म दिया। सीएमएस डॉ.विनीता चतुर्वेदी ने बताया कि जच्चा -बच्चा स्वस्थ हैं।