मुकम्मल न हुई मोहब्बत: प्रेमी की पत्नी न बन सकी तो दुल्हन का शृंगार किया, फिर दोनों ने उठाया खौफनाक कदम
कानपुर में प्रेमी-प्रेमिका की आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों ने फंदे से लटककर जान दे दी। युवती के परिजनों ने युवक पर उसकी हत्या करने के बाद खुद खुदकुशी करने का आरोप लगाया था। शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों के फंदा लगाकर ही जान देने की पुष्टि हुई है।
विस्तार
प्रेमी से शादी करने का ख्वाब पूरा न होते देख प्रेमिका ने बाकायदा दुल्हन का शृंगार किया। प्रेमी ने भी प्रेमिका की मांग भरी। इसके बाद दोनों ने फंदे से लटककर जान दे दी थी। अरावली अपार्टमेंट में इलेक्ट्रीशियन मोहन सिंह उर्फ मोनू चौहान (34) सात माह पहले किराये पर रहने पहुंचा था।
गुरुवार को मोनू और उसकी रतनपुर कालोनी निवासी प्रेमिका आरजू (22) ने खुदकुशी कर ली थी। मोहन शादीशुदा था। उसकी चार साल पहले ककवन निवासी प्रतीक्षा से शादी हुई थी। डेढ़ साल की बच्ची भी है। मोहन के ससुर गुलाब सिंह ने बताया कि मोनू के प्रेम संबंधों की जानकारी प्रतीक्षा को थी।
विरोध के बाद भी मोनू प्रेमिका को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। इसे लेकर दोनों में विवाद होता था। करीब डेढ़ साल पहले प्रतीक्षा मायके आ गई थी। ससुर के अनुसार प्रेमिका से मिलने के लिए ही मोहन ने इकलौता बेटा होने के बाद भी माता-पिता का घर छोड़कर किराये पर फ्लैट ले रखा था।
युवती के परिजनों ने युवक पर उसकी हत्या करने के बाद खुद खुदकुशी करने का आरोप लगाया था। शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों के फंदा लगाकर ही जान देने की पुष्टि हुई है। किसी तरह के संघर्ष किए जाने के साक्ष्य नहीं मिले हैं।