Kanpur: बार कौंसिल ने विवि के अनुरोध को माना, एलएलबी के छात्रों को मिली राहत, दे सकेंगे पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा
बार कौंसिल ने एलएलबी और बीए-एलएलबी के छात्रों को दी राहत दी है। दरअसल, कौंसिल ने विवि के अनुरोध को मान लिया है। इससे एक हजार छात्र पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा दे सकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विवि और संबद्ध लॉ कॉलेजों के पांचवें सेमेस्टर के एलएलबी और बीए-एलएलबी के एक हजार छात्रों को बार कौंसिल ने राहत दी है। इन छात्रों की प्रथम सेमेस्टर में बैक लगी थी। बिना बैक पेपर में पास हुए ये छात्र पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा नहीं दे सकते थे। अब बार कौंसिल के आदेश के बाद इन छात्रों को 14 जुलाई से होने वाले सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
पांचवें सेमेस्टर में पहुंचे छात्रों ने कोरोना काल में पहले सेमेस्टर की परीक्षा दी थी। इसमें एक हजार छात्रों की बैक लगी थी। विवि ने इसके बाद प्रथम सेमेस्टर की बैकपेपर परीक्षा नहीं कराई और छात्र पांचवें सेमेस्टर तक पहुंच गए। नियमत: छात्र पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा तभी दे सकते हैं, जब वे प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में पास हों।
ऐसे में विवि प्रशासन ने बार कौंसिल से छात्रों को बिना बैक पेपर कराए ही सेमेस्टर परीक्षा कराने की मांग की थी। अब बार कौंसिल ने केवल इसी साल के लिए अपने नियमों में बदलाव किया है। विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि छात्रों को परीक्षा देने के लिए फॉर्म भरने की अनुमति दे दी गई है। इसका रिजल्ट बैक पेपर क्वालीफाई करने के बाद घोषित किया जाएगा।