Banda: मालगाड़ी के पेट्रोल भरे वैगन में लगी आग, यात्रियों में भगदड़…कर्मचारियों ने आनन फानन पाया काबू
Banda News: रेलवे झांसी पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। रेल अधिकारी और कर्मचारी आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रह हैं।
विस्तार
बांदा जिले में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के बगल वाले ट्रैक पर खड़ी पेट्रोल भरे वैगनों में से एक वैगन में गुरुवार की सुबह आग लग गई। आग ने पेट्रोल भरे वैगन के ढक्कन को घेर लिया। यात्रियों ने देखा, तो विस्फोट होने के भय से भगदड़ मच गई। रेल अधिकारियों को पता चला तो हाथ-पांव फूल गए।
आनन फानन रेल कर्मचारियों ने छोटे फायर सिलेंडरों के जरिए और पाउडर डालकर आग पर काबू पाया गया। रेलवे स्टेशन प्रबंधक, सहायक स्टेशन प्रबंधक, टीआई समेत रेलवे के मैकेनिकल विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। रेल अधिकारी और कर्मचारी आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रह हैं।
अधिकारियों ने कुछ भी बताने से किया इन्कार
रेलवे झांसी पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। इधर, पेट्रोल भरे वैगन में आग लगने जैसी घटना होने पर बांदा रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने कुछ भी बताने से साफ इन्कार किया।