Auraiya: होटल में युवक-युवतियों की मौजूदगी पर हंगामा; पुलिस ने तीन जोड़ों को पकड़ा, संचालक पर कार्रवाई
Auraiya News: दिबियापुर में एक होटल में युवक-युवतियों के रुकने पर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने तीन जोड़ों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की।
विस्तार
औरैया जिले में दिबियापुर नगर के बेला रोड स्थित एक होटल में युवक-युवतियों के होने की सूचना पर मोहल्ले के लोगों ने हंगामा किया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी के परिजन को थाने में बुलाया।
पुलिस ने होटल की तलाशी ली, तो वहां से तीन युवक और तीन युवतियां मिलीं। सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस के अनुसार उनके परिजन को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि एक युवती ने परिजन से बात कराई, वह परीक्षा देने आई थी।
होटल संचालकों को दिए गए सख्त निर्देश
अन्य लोगों के संबंध में जांच हो रही है। पुलिस ने पकड़े गए होटल संचालक आकाश के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। साथ ही, होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।