Auraiya: साड़ी की दुकान में शार्ट सर्किट से लगी आग, 20 लाख का नुकसान
यूपी के औरैया में साड़ी की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। भीषण आग से करीब 20 लाख का नुकसान हो गया।
विस्तार
औरैया जिले में नगर के आर्य समाज मंदिर के पास स्थित एक साड़ी की दुकान में सोमवार तड़के शार्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दुकानदार ने करीब 20 लाख का नुकसान होने का अनुमान जताया है। आर्य समाज मंदिर के पास फीडर रोड पर नवीन बस्ती निवासी धीरेंद्र प्रताप की साड़ी की दुकान है।
धीरेंद्र ने बताया कि रविवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार तड़के दुकान के सामने रहने वाले बड़े दद्दा का फोन आया कि उनकी दुकान में आग लग गई है। जब वह दुकान पर पहुंचे तो अंदर से धुआं निकल रहा था। इसके बाद दमकल की गाड़ी को बुलाया गया। दुकान का शटर तोड़ने पर आग भड़क गई। किसी तरह दमकल कर्मियों ने पानी डाल कर आग पर काबू पाया। दुकानदार ने बताया कि दुकान के बाहर बिजली का मीटर लगा हुआ है।
वहीं पर शार्ट सर्किट दिखा है। बताया कि अनुमान है कि इसी से दुकान में आग लगी है। इधर आग लगने की जानकारी पर कोतवाली पुलिस भी पहुंची। पुलिस को बताया कि आग लगने से काफी ब्रांडेड साड़ियां व सूट जल गए हैं। वहीं काफी सामान धुआं व आग की लपटों से खराब हुआ है। इस तरह करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया है। कोतवाली प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि समय से आग पर काबू पा लिया गया है। अभी तक किसी भी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।