औरैया मर्डर: शराबी पिता ने ली बेटे की जान, बेरहमी से पीट-पीटकर की हत्या, शरीर पर चोट के निशान, आरोपी गिरफ्तार
Auraiya News: सहार थाना क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में एक पिता ने शराब के नशे में धुत होकर अपने ही 15 वर्षीय बेटे की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, आरोपी को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
विस्तार
औरैया जिले में सहार थाना क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अत्यधिक शराब के नशे में एक पिता ने अपने 15 वर्षीय छोटे बेटे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी पिता मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने गांव से ही गिरफ्तार कर लिया।
अरुण राजपूत द्वारा सोमवार की रात करीब पौने 12 बजे थाना सहार पुलिस को सूचना दी गई कि रिशु (15) को उसके पिता उम्मेद सिंह ने शराब के नशे में पीटा है, जिससे उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही थाना सहार पुलिस, उच्चाधिकारी और फील्ड यूनिट तत्काल मौके पर पहुंचे।
अत्यधिक शराब पीने का आदी है आरोपी
जांच में सामने आया कि ई-रिक्शा चालक उम्मेद सिंह अत्यधिक शराब पीने का आदी है। सोमवार शाम जब परिवार के अन्य सदस्य गांव में हो रही गणेश पूजा की आरती में गए थे, तब आरोपी ने घर पर अकेले रिशु के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
शरीर पर चोट के निशान मिले
मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक रिशु की मां लता देवी का निधन करीब 12 साल पहले हो चुका है। उसके परिवार में बड़ा भाई नीरज (22) और बड़ी बहन काजल (18) हैं। दादा महेंद्र सिंह और दादी मधुलता गांव में दूसरे घर में रहते हैं।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वारदात के बाद भागे आरोपी पिता को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।