Shooter Sunny Singh: शालू गैंग का सक्रिय गुर्गा रहा है सनी, आदतन अपराधी था...कई वारदातों को दे चुका है अंजाम
Atiq Ahmed: माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या मामले में गिरफ्तार सनी सिंह शालू गैंग का सक्रिय गुर्गा रहा है। इस गिरोह पर लूट के चार, पुलिस से मुठभेड़ व जानलेवा हमले के चार, आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं।
विस्तार
माफिया अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद चर्चा में आया कुरारा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी सनी सिंह आदतन अपराधी रहा है। बताया जा रहा है कि ये हमीरपुर के शालू गैंग का सक्रिय गुर्गा रहा है। कई वारदातों को अंजाम देकर अपने नाम मुकदमे दर्ज करा चुका है।
शालू गैंग में मुख्य रूप से चार शातिर रहे हैं। कमान शालू के हाथ में है। उसके अलावा सनी, शिवम उर्फ आइटम और संदीप उर्फ नीतू सक्रिय गुर्गे हैं। इस गिरोह पर लूट के चार, पुलिस से मुठभेड़ व जानलेवा हमले के चार, आर्म्स एक्ट के तीन केस दर्ज हैं।
तत्कालीन कुरारा एसओ सुभाष कुमार यादव ने चारों के खिलाफ छह मई 2016 को गैंग चार्ट का अनुमोदन कराया था। इसमें कोर्ट को बताया कि वह अपने साथियों के साथ ददरी, उमराहाट, हरौलीपुर, मनकी कला व मनकी खुर्द के जंगल से गश्त कर कुरारा लौट रहे थे।
25 कदम की दूरी पर थे चार युवक
मिश्रीपुर गांव पहुंचे, तो सूचना मिली कि भैदनपुरवा के पास लूट करने वाले बदमाश ददरी की तरफ से काले रंग की पल्सर बाइक से आ रहे हैं। तिराहे पर जीप एक किनारे खड़ी कर वह इंतजार करने लगे। थोड़ी देर बाद बाइक दिखी। मिश्रीपुर तिराहे से करीब 25 कदम की दूरी से बाइक पर टार्चों की रोशनी डाली, तो चार युवक बैठे दिखाई दिए।
बदमाशों ने कर दिया फायर
रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने गोली चला दी। इसके बाद वह भागने लगे। मिश्रीपुर तिराहे पर उनकी बाइक फिसल कर गिर गई। चालक समेत तीन को पकड़ लिया गया, जबकि चौथा फरार हो गया। तीनों बदमाशों ने अपना नाम शालू, शिवम उर्फ आइटम व पुराने सिंह उर्फ सनी बताया।
कोर्ट में हाजिर करने की हो रही है कार्रवाई
इनसे तमंचा, कारतूस सहित लूट का माल बरामद किया था। इस मामले में कोर्ट में दो साल से सनी सिंह हाजिर नहीं हुआ है। कोर्ट ने चार अक्तूबर 2021 को वारंट जारी किया था। वहीं अब उसको कोर्ट में हाजिर करने के लिए तलबी कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम व सीओ ने लिया जायजा
कुरारा स्थित सनी के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। कड़ी सुरक्षा के बीच सनी सिंह के भाई पिंटू सिंह और उनके बच्चे घर में कैद हैं, जो बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। शुक्रवार को एसडीएम राजेश चंद्र व सीओ राजेश कमल ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।