Kanpur: सेंट्रल स्टेशन पर व्यवस्थाएं ध्वस्त, आरक्षित टिकट भी नहीं आया काम, जनरल से एसी कोच तक यात्रियों की भीड़
Kanpur News: स्टेशन अधीक्षक अवधेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रयागराज जाने के लिए यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। वापसी करने वालों की भीड़ ज्यादा है। श्रद्धालुओं को 40 स्पेशल ट्रेनों से प्रयागराज रवाना किया गया। वहीं, 50 स्पेशल ट्रेनों से वापसी भी की।
विस्तार
कानपुर में आखिरी अमृत स्नान से तीन दिन पहले ही सेंट्रल स्टेशन पर व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गई। शनिवार को महाकुंभ में स्नान करने को आतुर श्रद्धालुओं ने चौरीचौरा एक्सप्रेस पर कब्जा कर लिया। भीड़ को नियंत्रित करने में जीआरपी को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर शाम साढ़े पांच बजे चौरीचौरा एक्सप्रेस पहुंची तो प्रयागराज जाने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।
सभी बोगियों में यात्रियों ने कब्जा कर लिया। किसी भी डिब्बे में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। गेट बंद कर देने से आरक्षण कराने वाले अंदर नहीं जा सके। एसी कोच में भी श्रद्धालुओं का कब्जा था। महिलाएं-बच्चे फर्श पर बैठे थे। गेट खुलवाने के लिए जीआरपी के जवानों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस वजह से करीब 20 मिनट ट्रेन खड़ी रही। कुछ यही हाल अन्य ट्रेनों में भी देखने को मिला। शुक्रवार देर रात व शनिवार सुबह सेंट्रल स्टेशन पर आवाजाही के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
40 स्पेशल ट्रेनें श्रद्धालुओं को लेकर गई प्रयागराज
स्टेशन अधीक्षक अवधेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रयागराज जाने के लिए यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। वापसी करने वालों की भीड़ ज्यादा है। श्रद्धालुओं को 40 स्पेशल ट्रेनों से प्रयागराज रवाना किया गया। वहीं, 50 स्पेशल ट्रेनों से वापसी भी की। सबसे ज्यादा यात्री रात के वक्त प्रयागराज जा रहे हैं, इसलिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। प्रतिदिन करीब 80 से 90 हजार लोग प्रयागराज आ-जा रहे हैं। भीड़ को देखते हुए बीती रात एक स्पेशल रैक भी चलाई गई जिसमें पांच हजार श्रद्धालु प्रयागराज गए। वापसी करने वालों को विभिन्न रूटों पर मेमू रैक से भेजा गया।
प्लेटफार्मों पर जवान रहेंगे मुस्तैद
भीड़ अधिक होने के अनुमान के कारण क्यूआरटी, आरपीएफ, जीआरपी व रेलवे कर्मियों के साथ अतिरिक्त सुरक्षा जवानों को भी स्टेशनों पर तैनात किया गया। डिप्टी सीटीएम ने बताया कि स्टेशन परिसर के साथ निकास व प्रवेश द्वारों पर भी सुरक्षाकर्मियों के प्वांइट निर्धारित किए गए हैं जिससे श्रद्धालुओं को आवाजाही में कोई दिक्कत न हो। प्लेटफार्म दो से लेकर पांच तक भीड़ ज्यादा रही। सुरक्षाकर्मी एनाउंस कर श्रद्धालुओं को अलर्ट करते रहे।
श्रद्धालुओं की भीड़ हो गई थी। हालांकि, ट्रेन ज्यादा लेट नहीं हुई। जीआरपी की मदद से यात्रियों को निकाला गया और दूसरी ट्रेन से सकुशल रवाना किया गया। -आशुतोष कुमार द्विवेदी, स्टेशन अधीक्षक