Etawah News: साइन सिटी के सीएमडी पर एक और मुकदमा, अधिवक्ता ने दर्ज कराया 40 लाख की धोखाधड़ी का केस
इटावा जिले के अधिकवक्ता ने रियल एस्टेट कंपनी साइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन पर 40 लाख की धोखाधड़ी की रिपोर्ट लिखी गई है। बता दें कि राशीद पर पहले भी जमीन की लेन-देन में हजारों करोड़ की ठगी करने का आरोप लगा है।
विस्तार
इटावा जिले में जमीन बेचने के नाम नाम पर हजारों करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोपी रियल स्टेट कंपनी साइन सिटी के सीएमडी पर 40 लाख की धोखाधड़ी का केस शहर कोतवाली में दर्ज कराया गया है। शहर के अधिवक्ता ने लखनऊ में प्लाट दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाया है। आरोपी के खिलाफ पांच लाख रुपये का पहले ही पुलिस इनाम घोषित किए हुए है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कटरा शमशेर खां निवासी अधिवक्ता विनोद बिहारी कश्यप ने बताया कि 2020 में उनकी मुलाकात लखनऊ में रियल स्टेट कंपनी साइन सिटी के सीएमडी राशीद नसीम से मुलाकात हुई थी। इस दौरान सीएमडी ने अधिवक्ता को लखनऊ के पैराडाइस गार्डन में दो प्लाट एक हजार वर्ग फुट और 1800 वर्ग फुट के दिखाए थे।
इनकी कीमत सीएमडी ने 40 लाख रुपये बताई थी। अधिवक्ता ने सीएमडी को जमीन के लिए 40 लाख रुपये का कई बार में भुगतान कर दिया था। अधिवक्ता ने जब सीएमडी पर दबाव बनाया तो सीएमडी ने 30 मार्च 2021 को सदर कोतवाली क्षेत्र में स्थित बाबा माल में अधिवक्ता को 40 लाख रुपये की चेक दे दी थी। अधिवक्ता ने चेक को जब अपने खाते में लगाया, तो चेक बाउंस हो गई।
इस पर अधिवक्ता ने सीएमडी को चेक बाउंस होने की बात कहते हुए अपने रुपये मांगे तो वह टालमटोली करने लगे। रुपये न लौटाने पर अधिवक्ता ने कोर्ट की शरण ली। इस पर कोर्ट ने बुधवार को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। सदर कोतवाल भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रियल स्टेट कंपनी साइन सिटी के सीएमडी राशीद नसीम निवासी प्रयागराज के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
फरार आरोपी राशीद नसीम पर हजारों करोड़ का घोटाला करने का आरोप है और उस पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के थानों में तीन सौ से अधिक धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। कंपनी के एमडी सहित कई कर्मचारी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।