Etawah: शादी समारोह में आई मासूम से दुष्कर्म, प्लॉट में बेसुध मिली...सीसीटीवी में दिखा आरोपी, गिरफ्तार
Etawah News: बकेवर थाना क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में युवक ने मासूम बच्ची से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बच्ची को जिला अस्पताल सेबेहतर उपचार के लिए आयुर्विज्ञान विवि पहुंचाया गया है। हालत में सुधार है। आरोपी अंकुर को पकड़ लिया गया है। वह घराती या बराती किसी तरफ का नहीं है।
विस्तार
इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में शादी समारोह में आई मासूम से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। औरैया रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह चल रहा था, जिसमें आई एक छह साल की मासूम को एक युवक बहलाकर साथ ले गया। आरोपी ने सड़क पार करके खाली पड़े एक प्लॉट में मासूम से दुष्कर्म किया।
काफी देर तक बेटी न मिलने पर जब पिता ने तलाश की, तो मासूम बेसुध हालत में प्लॉट में पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मासूम को जिला अस्पताल पहुंचाया है। यहां से उसे आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया गया है। थाना क्षेत्र के औरैया रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को शादी समारोह चल रहा था।
इसमें वधु पक्ष से थाना क्षेत्र के एक गांव का व्यक्ति अपनी तीन बेटियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। यहां तीनों बहनें खाने-पीने और घूमने-फिरने लगीं। इस बीच सबसे छोटी छह साल की बच्ची को एक युवक बहला फुसलाकर गोदी में उठाकर गेस्ट हाउस के बाहर ले गया। गेस्ट हाउस के बाहर सड़क पार करके खाली पड़े प्लॉट में ले जाकर बच्ची से दुष्कर्म किया।
प्लॉट में बेसुध पड़ी मिली मासूम
इसके बाद उसे बेसुध हालत में छोड़कर भाग गया। छोटी बेटी गेस्ट हाउस में कुछ देर तक नजर नहीं आने पर पिता ने तलाश शुरू की। गेस्ट हाउस के अंदर काफी देर तक न दिखने पर पिता अन्य लोगों के साथ बाहर देखने गए, तो बेटी बेसुध हालत में सड़क पार खाली प्लॉट में पड़ी मिली। बेटी की हालत देखकर पिता के होश उड़ गए।
सीसीटीवी कैमरे में युवक दिखा
बच्ची की दुष्कर्म की जानकारी पर घरातियों में खलबली मच गई। आक्रोशित घराती आरोपी की तलाश में जुट गए। गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे गए, तो उसमें एक युवक बच्ची को गोद में बाहर ले जाते हुए दिखा। इस बीच इकदिल थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात भी पहुंच गई। जानकारी होने पर बराती भी परेशान हो गए।
मासूम को आयुर्विज्ञान विवि रेफर किया
सूचना पर एसपी देहात सत्यपाल सिंह, सीओ अतुल प्रधान, प्रभारी निरीक्षक बकेवर भूपेंद्र राठी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने गेस्ट हाउस के पास से ही आरोपी को नशे की हालत में हिरासत में ले लिया। वहीं, बच्ची को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई है।
किसी की तरफ का नहीं है आरोपी
बच्ची को जिला अस्पताल में उपचार दिलाया गया है। उसे बेहतर उपचार के लिए आयुर्विज्ञान विवि पहुंचाया गया है। हालत में सुधार है। आरोपी अंकुर को पकड़ लिया गया है। वह घराती या बराती किसी तरफ का नहीं है। पूछताछ में उसने पास के गांव के होने की बात बताई है। वह शादी में बिना बुलाए ही घुस आया था और वारदात को अंजाम दे दिया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।