अमर उजाला 'जुनून खेल का': जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बिधनू टीम ने जीती ट्रॉफी, मैन ऑफ द मैच बने शिवा
Kanpur News: फाइनल मैच बिधनू और बिल्हौर विकासखंड के बीच खेला गया। इसमें बिधनू ने दस ओवर में नौ विकेट पर 111 रन बनाए। जवाब में बिल्हौर 10 ओवर में नौ विकेट पर 49 रन ही बना सकी।
विस्तार
कानपुर में अमर उजाला जुनून खेल का और बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को सेमीफाइनल व फाइनल मैच हुए। किदवईनगर स्थित स्व. रतनलाल शर्मा स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में बिधनू विकासखंड ने बिल्हौर विकासखंड को 62 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
पहले सेमीफाइनल मैच में घाटमपुर ने 10 ओवर में सभी विकेट खोकर 45 रन बनाए। जवाब में बिधनू टीम 7 ओवर में 5 विकेट पर 46 रन बनाकर पांच विकेट से मैच जीतकर फाइनल में पहुंची। तो दूसरे सेमीफाइनल मैच में भीतरगांव ने 10 ओवर में आठ विकेट पर 98 रन बनाए।
जवाब में बिल्हौर ने नौ ओवर में नौ विकेट पर 100 रन बनाकर एक विकेट से मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच बिधनू और बिल्हौर विकासखंड के बीच खेला गया। इसमें बिधनू ने दस ओवर में नौ विकेट पर 111 रन बनाए। जवाब में बिल्हौर 10 ओवर में नौ विकेट पर 49 रन ही बना सकी।
शिवा को मैन ऑफ द मैच चुना गया
बिधनू ने 62 रन से मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। शिवा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। तो मैन ऑफ द सीरीज का खिताब बिधनू के निखिल को आलराउंडर खेल के लिए दिया गया। विजेता टीम को जिला व्यायाम शिक्षक विकास तिवारी ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर जरयाब अहमद, सुरेश गौर, मंडन मिश्रा आदि मौजूद रहे।