Farrukhabad: मस्जिद की मीनार पर चढ़ा युवक, गले में बांधा तार, बोला- मैं आत्महत्या कर लूंगा, जानें पूरा मामला
Farrukhabad News: एक युवक मस्जिद की मीनार पर चढ़ गया। उसने गले में तार बांध लिया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाकर नीचे उतारा।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में मस्जिद की मीनार पर चढ़े युवक ने लाउडस्पीकर का तार गले में कसकर आत्महत्या करने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को मीनार से उतरवाया।
सीओ सिटी के अनुसार, युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। जनपद एटा के गांव नाडार निवासी मोहम्मद सलीम कई दिनों से यहां रहकर मजदूरी कर रहा था। गुरुवार की सुबह छह बजे मोहम्मद सलीम मोहल्ला डबग्रान स्थित मस्जिद अक्सा की मीनार पर चढ़ गया।
उसने लाउडस्पीकर का तार गले में कस लिया और आत्महत्या करने की धमकी देकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और सलीम को समझाकर उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
समझा-बहलाकर नीचे उतारा
जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव व सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मीनार पर चढ़े सलीम को समझाया। कुछ युवकों को ऊपर चढ़वाया और सलीम को बहलाकर नीचे उतार लिया। इसके बार अधिकारी सलीम को कोतवाली ले गए।
युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं
उससे पूछताछ की। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सलीम का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। वह पूछताछ में तरह-तरह की बात कर रहा था। बस इतना कहा कि वह बहुत परेशान है। पुलिस ने उसके परिजनों को भी इसकी जानकारी दी।