Kanpur: तीसरे शाही स्नान से पहले तैयार होने लगे 81 मेमू रैक, 71 जाएंगे प्रयागराज…10 शहर से होंगे रवाना
Kanpur News: न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स में 81 मेमू रैक फिट किए जा रहे हैं, जिनमें से 71 प्रयागराज को रवाना किए जाएंगे। शेष 10 रैक सेंट्रल स्टेशन और गोविंदपुरी के आसपास तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इन्ही रैक से महाकुंभ जाने वाले यात्रियों को प्रयागराज भेजा जाएगा।
विस्तार
महाकुंभ में विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालुओं को भेजने के लिए बाबूपुरवा स्थित न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स में 81 मेमू रैक फिट किए गए हैं। प्रत्येक रैक की क्षमता में 2 से ढ़ाई गुना बढ़ोतरी की गई है। यहां तैयार किए गए सभी रैक जोन के नहीं बल्कि अन्य जोन के हैं। एसीएम संतोष त्रिपाठी ने बताया महाकुंभ के तीसरे स्नान पर बड़ी संख्या में भीड़ जुटने का अनुमान है। माना जा रहा है कि पहले दो स्नानों से ज्यादा भीड़ तीसरे शाही स्नान पर उमड़ सकती है।
ऐसे में न केवल जोन के बल्कि बंगलूरू, उड़ीसा, गुजरात और गया से भी कुछ मेमू रैक मंगवाए गए हैं। विभिन्न जोन से आए रैक 10 से 12 कोच के हैं। इन्हें 20 कोच में बदलने के लिए न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स में भेजा गया है। तीसरे शाही स्नान से पहले सभी रैक प्रयागराज और उसके आसपास के स्टेशनों पर खड़े किए जाएंगे। इन्हें रिंग रेल के रूप में चलाया जाएगा। शाही स्नान के बाद भीड़ की वापसी के भी समुचित इंतजाम किए गए हैं।
71 रैक भेजेंगे प्रयागराज, 10 शहर के लिए
न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स में 81 मेमू रैक फिट किए जा रहे हैं, जिनमें से 71 प्रयागराज को रवाना किए जाएंगे। शेष 10 रैक सेंट्रल स्टेशन और गोविंदपुरी के आसपास तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इन्ही रैक से महाकुंभ जाने वाले यात्रियों को प्रयागराज भेजा जाएगा।
तीसरे शाही स्नान के लिए पहले ही विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। भीड़ बढ़ती है तो यात्रियों को अविलंब मेमू रैक से रवाना किया गया है। सेंट्रल से प्रयागराज भेजने के साथ ही प्रयागराज से वापसी के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। -संतोष कुमार त्रिपाठी, एसीएम कानपुर सेंट्रल
500 बसें आज होंगी रवाना
रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया महाकुंभ के लिए जोन से 500 बसें प्रयागराज रवाना की जाएंगी। 450 साधारण और एसी हैं, जबकि 50 शटल बसें हैं। 26 जनवरी से पांच फरवरी तक इन बसों को नियमित रूप से रवाना किया जाएगा। नियमित ड्यूटी करने वाले चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।