नंबर गेम : 2152 पुलिस कर्मी हैं कानपुर आउटर में, 2365 पुलिस कर्मियों की जरूरत
पुलिस कर्मियों की कमी को देखते हुए आउटर में छह नए थानों का प्रस्ताव भेजा है, जिसमें से दो की मंजूरी मिल गई है। घाटमपुर और बिल्हौर में दो-दो व साढ़ और बिधनू में एक-एक और थानों की जरूरत बताई जा रही है।
विस्तार
बेहतर पुलिसिंग के लिए कानपुर आउटर के चार बड़े थानाक्षेत्रों में छह नए थाने खोलने का प्रस्ताव एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह ने शासन को भेजा गया है। दो की मंजूरी भी मिल गई है। प्रस्ताव में घाटमपुर और बिल्हौर में दो-दो और साढ़ व बिधनू में एक-एक और थानों की मांग की गई है। मौजूदा समय में आउटर में 11 थाने हैं। घाटमपुर और बिल्हौर थानों का क्षेत्र काफी बड़ा है। इसलिए इन दोनों क्षेत्रों में दो-दो नए थाने बनाने की जरूरत बताई गई है।
घाटमपुर में पतारा चौकी और रेऊना चौकी को थाना बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। वहीं, बिल्हौर में उत्तरीपुरवा चौकी और अरौल चौकी को थाने बनाने प्रस्ताव है। साढ़ थाना क्षेत्र में भीतरगांव चौकी को थाना और बिधनू में सेन पश्चिम पारा चौकी को थाना बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। शासन इस प्रस्ताव की समीक्षा करेगी फिर निर्णय लिया जाएगा।
दो की मिल चुकी है हरी झंडी
घाटमपुर की पतारा चौकी और बिल्हौर की अरौल चौकी को थाना बनाने की हरी झंडी शासन की ओर से मिल चुकी है। आउटर पुलिस अब बजट प्रस्ताव शासन को भेजेगी। इसकी मंजूरी के बाद नए थानों का निर्माण शुरू होगा। नए थानों के लिए जमीनों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
आउटर में छह नए थानों के लिए प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों के माध्यम से शासन को भेजा गया है। जिसमें से दो थानों की संस्तुति लगभग मिल चुकी है। साथ ही एक एडिशनल एसपी और एक सीओ के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
- तेज स्वरूप सिंह, एसपी आउटर