{"_id":"6400663cae207e2c070208b5","slug":"2-wheels-came-out-due-to-breaking-the-axle-of-bus-2023-03-02","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"बिना टायर के हाईवे पर दौड़ी बस: एक्सल टूटने से पीछे के दो पहिए निकले, यात्रियों में चीख-पुकार, बड़ा हादसा बचा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिना टायर के हाईवे पर दौड़ी बस: एक्सल टूटने से पीछे के दो पहिए निकले, यात्रियों में चीख-पुकार, बड़ा हादसा बचा
Thu, 02 Mar 2023 03:25 PM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौन
Published by: शिखा पांडेय
Updated Thu, 02 Mar 2023 03:25 PM IST
विज्ञापन
जालौन बस हादसा
- फोटो : अमर उजाला
जालौन जिले में आटा नेशनल हाईवे पर भदौरिया पेट्रोल पंप के पास एक शताब्दी बस का एक्सल टूटने से पीछे के दो पहिए निकलकर करीब दो किलोमीटर दूर आटा बस स्टैंड पर पहुंच गए। बस जब सड़क पर घिसटने लगी तो सवारियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि हाईवे पर कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
विज्ञापन
ग्वालियर निवासी बस चालक ब्रजेश ने बताया कि बस के टायर तकनीकी खराबी के कारण निकल गए। बस को हमने कंट्रोल करके रोक लिया। अहमदाबाद से कानपुर जा रही बालाजी की बस जैसे ही गुरुवार को टोल से गुजरी तभी भदौरिया पेट्रोल पंप के पास बस का एक्सल टूट गया। इससे दाहिनी ओर का टायर अचानक ढीला हो गया। बस अनियंत्रित होने लगी तो चालक ने ब्रेक लगाया। बस रुकती इससे पहले ही दाहिनी तरफ के दोनों पिछले पहिए निकल गए। पहिये हाईवे पर इस प्रकार दौड़ रहे थे जैसे कोई उन्हें कंट्रोल कर रहा हो।
विज्ञापन
करीब दो किलोमीटर दूर जाकर आटा बस स्टैंड पर दोनों पहिए एक दुकान में घुस गए। गनीमत यह रही कि कोई वाहन इन पहियों की चपेट में नहीं आया। बस पलटने की आशंका में आवागमन कर रहे लोग इधर-उधर भागने लगे। बस भी सड़क पर घिसटने लगी तो बस में सवार करीब 80 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस बीच हाईवे पर सुरक्षित रुक गई। घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को अलग करके हाईवे को सुचारु किया। बस में सवार लोगों ने बताया कि जब पहिया निकल गए तो बस काफी दूर तक तिरछी घिसटती रही। हम लोग ऊपर वाले से दुआ करने लगे। फिलहाल एक बड़ा हादसा होने से बच गया।