प्रेमपुर में तीन दिन से छाया अंधेरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छिबरामऊ (कन्नौज)। क्षेत्र में तीन दिन पहले आई आंधी ने शहर व ग्रामीण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ध्वस्त कर दी थी। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह शहर की आपूर्ति बहाल हो गई लेकिन अभी प्रेमपुर गांव के बाशिंदे बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। बिजली न आने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। तीन दिन पहले आई आंधी की चपेट में क्षेत्र के दर्जनों पोलों सहित कई जगह एचटी लाइनें टूट गईं। जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। काफी मशक्कत के बाद शहर की आपूर्ति बहाल हो पाई लेकिन अभी भी प्रेमपुर क्षेत्र की आपूर्ति ठीक तरह से बहाल नहीं हो सकी है। गुरुवार की देर रात करीब 12 बजे किसी तरह बहाल की गई आपूर्ति ग्राम सरायदायमगंज में एचटी लाइन टूटने से फिर ठप हो गई। जिससे प्रेमपुर क्षेत्र के ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है।
इस गांव के अलावा कई और गांव हैं जहां अभी भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। उधर, शहर के फीडर नंबर दो का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण इस फीडर से जुड़े शहर के मोहल्लों को लगातार बिजली समस्या से जूझना पड़ता है। भाजपा नगर अध्यक्ष रामानंद वर्मा का कहना है कि फीडर नंबर दो भले ही शहर के नाम बना हो लेकिन इसका क्षेत्रफल काफी बड़ा है। इस फीडर की लाइनें विशुनगढ़ रोड होते हुए उस क्षेत्र के कई गांवों में भी फैली हुई है। कहीं पर भी कोई फाल्ट आने पर पूरे फीडर को बंद कर दिया जाता है। ऐसी स्थिति में बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा शहर के लोगों को भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने इस फीडर का विस्तार कर दो भागों में बांटने की मांग की है। एक्सईएन आरएन वर्मा ने बताया कि शहर के फीडर नंबर दो को दो भागों में करने का पहले ही इस्टीमेट तैयार किया जा चुका है। जो कार्यदायी संस्था पहले कार्य कर रही थी। उसे यह कार्य करना था लेकिन उसने नहीं किया। इसे अलग-अलग भागों में बांटने का काम जल्द किया जाएगा।