{"_id":"5995e0e54f1c1bbb198b4648","slug":"separation-of-expressway-on-expressway-commotion-in-kotwali","type":"story","status":"publish","title_hn":"सपाइयों का एक्सप्रेस वे पर धरना, कोतवाली में हंगामा ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सपाइयों का एक्सप्रेस वे पर धरना, कोतवाली में हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो/कन्नौज
Updated Fri, 18 Aug 2017 12:02 AM IST
विज्ञापन
एक्सप्रेस वे पर धरना देते सपाई।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
औरैया की ओर जाते समय सपा नेताओं को फगुहा गांव के पास पुलिस ने रोक लिया। इस पर सपाई एक्सप्रेस वे पर धरने पर बैठ गए। कई सपाइयों ने अपर जिलाधिकारी को घेर लिया। इस पर पुलिस चार बसों से सपाइयों को तिर्वा कोतवाली पहुंचा दिया। कोतवाली में भी सपाइयों ने हंगामा किया। पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। राजनैतिक बंदी की सुविधाएं मांगी। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद एडीएम ने दोपहर तीन बजे के करीब सभी को रिहा कर दिया।
विज्ञापन
गुरुवार की सुबह दस बजे के करीब जिले के सपाइयों को भनक लगी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का काफिला बिल्हौर के एक गेस्ट हाउस में नजरबंद औरैया के पूर्व विधायक प्रदीप यादव से मिलने आ रहा है। जिले से करीब दो सौ सपाई निजी वाहनों से बिल्हौर पहुंचे। यहां जानकारी मिली कि अखिलेश यादव को उन्नाव में रोक लिया गया है। इस पर सभी सपाई एक्सप्रेस वे से होकर औरैया जाने के लिए अपने वाहनों से वापस तिर्वा की ओर आए।
उधर, सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी डीपी सिंह, एएसपी केशवचंद्र गोस्वामी, एसडीएम शालिनी प्रभाकर, सीओ मोनिका यादव, सीओ पुलिस लाइन हौसला प्रसाद भारी पुलिस व पीएसी के साथ फगुहा गांव के निकट एक्सप्रेस वे पर पहुंच गए। दोपहर 12 बजे के करीब जैसे ही सपाइयों का काफिला फगुहा गांव के पास पहुंचा तो अफसरों ने सपाइयों की गाड़ी को रोक लिया। एडीएम ने सपा नेताओं को बताया कि जिले में धारा 144 लगी हुई है। धारा 144 का उल्लंघन करने पर उनको हिरासत में लिया जा रहा है। इस पर सपाई नारेबाजी करने लगे। आधा सैकड़ा लोग सड़क पर धरने पर बैठ गए। कई सपाइयो ने एडीएम व एएसपी को घेर लिया। एसडीएम व सीओ ने बसों से सपाइयों को तिर्वा कोतवाली पहुंचा दिया। कोतवाली पहुंचते ही सपाइयो ने हंगामा शुरू कर दिया। सपा जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, पूर्व ब्लाक प्रमुख दिगंबर सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य मनीष यादव, तिर्वा विधानसभा अध्यक्ष राकेश यादव ने एडीएम से सपाइयों के लिए पानी की व्यवस्था करने को कहा। इस पर एसडीएम ने नगर पंचायत तिर्वा से पानी का टैंकर मंगवा दिया। कुछ देर तक तो सपाई शांत रहे, बाद में नारेबाजी करते हुए भोजन की मांग करने लगे। कन्नौज के पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने एडीएम व एएसपी से कहा कि सपाई राजनैतिक बंदी हैं। उनके साथ राजनैतिक बंदियों वाला व्यवहार होना चाहिए। जिला प्रशासन सभी के लिए भोजन की व्यवस्था कराए। इस पर एडीएम ने भोजन की व्यवस्था करने से असमर्थता जाहिर कर दी। काफी देर तक हंगामा होता रहा।
विज्ञापन
उधर, सपा के महिला प्रकोष्ठ की करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं ने उन्नाव में अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में जमकर नारेबाजी की। दोपहर तीन बजे के बाद सभी को रिहा कर दिया गया।
एडीएम ने बताया कि धारा 144 का उल्लंघन करने के लिए 95 सपा नेताओं को हिरासत में लिया गया था। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि संजू कटियार, सभासद सनी यादव, हसीब हसन, आरिफ खां, राजेश पाल, सनी यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव, नीरज द्विवेदी, जगवीर यादव, कल्पना यादव, कुसुम राजपूत, रूबी राजपूत, अर्चना मिश्रा, रामऔतार यादव, रामनरेश यादव आदि रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन