{"_id":"595547a94f1c1b2a5a8b48a7","slug":"private-bus-crushes-palladar-villagers-put-jam","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्राइवेट बस ने पल्लेदार को रौंदा, ग्रामीणों ने लगाया जाम ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्राइवेट बस ने पल्लेदार को रौंदा, ग्रामीणों ने लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूराो/कन्नौज
Updated Fri, 30 Jun 2017 12:02 AM IST
विज्ञापन
ट्रैक्टर को तिरछा खड़ाकर जाम लगाए ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जाफराबाद में गुरुवार को प्राइवेट बस से कुचलकर वेयर हाउस के पल्लेदार की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों को तिरछा खड़ाकर जाम लगा दिया। कुछ उपद्रवियों ने प्राइवेट बस के शीशे तोड़ दिए और उसके सभी टायर पंचर कर दिए। देर रात तक घटनास्थल पर जाम लगा हुआ था और लोग राज्यमंत्री अर्चना पांडेय को घटनास्थल पर बुलाए जाने की मांग कर रहे थे।
विज्ञापन
जाफराबाद में छिबरामऊ-बिधूना मुख्य मार्ग पर सौरिख से छिबरामऊ आ रही प्राइवेट बस से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। लोगों ने उसकी शिनाख्त विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर निवासी रजनीश वर्मा (36) पुत्र राकेशचंद्र के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना था कि रजनीश जाफराबाद से ही बस पर चढ़ा था और दरवाजे पर खड़ा हो गया, अचानक संतुलन बिगड़ा और नीचे गिर गया। पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को तिरछा खड़ाकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन
सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, सौरिख थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास, विशुनगढ़ थानाध्यक्ष रवींद्रनाथ यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। कोतवाल ने जाम लगाए ग्रामीणों को समझाया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद तिर्वा से भाजपा विधायक कैलाश सिंह राजपूत भी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया, लेकिन लोग राज्यमंत्री अर्चना पांडेय को घटनास्थल पर बुलाए जाने की मांग को लेकर अड़े थे।
विज्ञापन
प्राइवेट बस को फूंकने का प्रयास
हादसे के बाद चालक बस को भगा ले गया और ग्राम भगवंतपुुर के किनारे खड़ी कर खेतों की ओर भाग गया। गुस्साए ग्रामीण बस के पास पहुंचे और ईंट-पत्थरों से उसके शीशे तोड़ दिए। कई युवकों ने बस के सभी टायरों की हवा निकाल दी और बस को फूंकने का प्रयास किया। उसी समय उपनिरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इसके बाद बस के आस-पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पल्लेदारी कर परिवार का करता था भरण-पोषण
ग्राम राजापुर निवासी रजनीश वर्मा खड़िनी स्थित राज्य भंडारण निगम के वेयर हाउस में पल्लेदार था। उसकी शादी आठ साल पहले हुई थी। उसके घर में पत्नी मनु के अलावा दो पुत्रियां और एक पुत्र विमल है। परिजनों ने बताया कि गुुरुवार को वह पुत्र विमल का स्कूल में एडमीशन कराने के लिए सौरिख गया था। वहां उसने पुत्र को मौसी के पास ग्राम कायमपुर में छोड़ दिया और एक रिफाइंड की कट्टी लेकर गांव के लिए चल दिया। किसी काम से वह जाफराबाद में उतर गया। थोड़ी देर बाद दूसरी बस पर सवार होकर वह गांव के लिए चल दिया, लेकिन 100 मीटर आगे वह अगले दरवाजे से गिर गया और पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
रोडवेज बस में तोडफ़ोड़ से मची भगदड़
सौरिख-बिधूना मार्ग पर जाम लगाए लोगों में शामिल अराजकतत्वों ने सुखसेनपुर जा रही रोडवेज की बस में पथराव कर जमकर तोडफ़ोड़ की, जिससे वहां भगदड़ मच गई। यात्री बस से कूदकर जान बचाकर भाग निकले।
फर्रुखाबाद डिपो की रोडवेज बस 60 सवारियां लेकर छिबरामऊ से सुखसेनपुर जा रही थी। बस के परिचालक ग्राम सकतपुर निवासी शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि बस में 34 सवारी सौरिख की, जिसमें दो विकलांग थीं और शेष सुखसेनपुर व अन्य जगह की सवार थीं। चालक जनपद फर्रुखाबाद के थाना मेरापुर के ग्राम राजेंद्रनगर भूडनगरिया निवासी सर्वेंद्र कुमार जब सौरिख रोड पर ग्राम जरारा से पहले पहुंचा तो वहां पहले से ही जाम लगा हुआ था। चालक ने घटनास्थल से थोड़ी दूर पहले ही अपनी गाड़ी खड़ी कर दी, तभी भीड़ से कुछ लोग ईंट-पत्थर लेकर निकले और बस पर पथराव कर दिया, जिससे चालक और परिचालक समेत सवारियां कूदकर भाग निकलीं। अराजकतत्वों ने बस में जमकर तोड़-फोड़ की। रोडवेज बस में तोड़-फोड़ की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक उपद्रवी भाग चुके थे। इस बारे में बस के चालक सर्वेंद्र कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर कोतवाली में दी है, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।