कन्नौज। जगह-जगह दुकान खोलकर मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे झोलाछापों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। औचक निरीक्षण पर निकले एसीएमओ ने आठ झोलाछापों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर शुक्रवार को एसीएमओ डॉक्टर जेजे राम और अपर शोध अधिकारी वाईके मंजुल ने कस्बे में झोलाछापों के खिलाफ छापेमारी की। इस दौरान जलालाबाद, जलालपुर पनवारा, निवाजीपुर, घमाइचऊ, अनौगी रोड, पाल चौराहा पर अप्रशिक्षित मेडिकल स्टोर और दुकान खोल कर मरीजों का इलाज करते मिले। इस दौरान कई झोलाछाप दुकानों को बंद कर भाग निकले।
एसीएमओ ने बताया कि आठ झोलाछापों को नोटिस जारी कर डिग्री और क्लीनिक पंजीकरण के दस्तावेज मांगे गए। पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज न मिलने पर इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।