कन्नौज। जिले में जितने भी ब्लैक स्पाॅट हैं वहां रात में चमकने वाले रेडियम साइन बोर्ड लगाए जाएं। सड़कों पर चमकीली पेंटिंग कर कैट आई लाइटें लगवाईं जाएं। सोमवार को डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने ठंड और कोहरे को लेकर हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने अफसरों संग हादसों को कम करने की रणनीति तैयार की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीटबेल्ट, हेलमेट, ट्रिपलिंग, रांग साइड ड्राइविंग तथा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर दंडित किया जाएगा। कहा कि कई बार चालान होने के बाद भी चालक नियमों का पालन नहीं करता है तो लाइसेंस निरस्त कर दिया जाए।
कहा कि बस अड्डे पर निर्धारित एवं सुरक्षित स्थलों पर ही बसें खड़ी होनी चाहिए। बसों के कारण यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने ईओ को निर्देश दिए कि सभी टेंपाे स्टैंडों की सूची उपलब्ध कराएं जिससे निर्धारित स्थलों से टेंपाे का संचालन हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह, एएसपी अजय कुमार, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, यूपीडा प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।