इटावा के व्यापारी को गोली मारकर लूटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ठठिया थाना क्षेत्र के सुखी गांव पुल के निकट शनिवार की शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने इटावा के व्यापारी को तमंचे से गोली मार दी। घायल व्यापारी से 26 हजार रुपये और गले में पहनी सोने की चेन लूटकर दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को एंबुलेंस से मेडिकल कालेज लाकर भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर है। सूचना पर तिर्वा और ठठिया थानों की पुलिस मेडिकल कालेज पहुंची। बदमाशों की तलाश में तिर्वा, ठठिया व इंदरगढ़ थानाक्षेत्रो की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस लुटेराें की तलाश में जुटी है।
इटावा जिले के ऊसराहार कस्बा निवासी रामप्रताप (26) पुत्र दशरथ सिंह पुरानी साड़ी के बदले रजाई और गद्दे बदलने का कारोबार करता है। व्यवसाय के लिए वह तिर्वा कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में मकान किराए पर लेकर रहता है। दोपहर को कारोबार के सिलसिले में वह सुखी क्षेत्र में गया था। शाम छह बजे के करीब वह तिर्वा लौट रहा था। सुखी पुल के पास लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे रोका। एक ने तमंचा निकालकर रामप्रताप के पेट में गोली मार दी।
इस पर वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 26 हजार रुपये और गले में पड़ी सोने की चेन लूट ली। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ कर घटनास्थल पर पहुंचे। मोबाइल से ठठिया थाना पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस एंबुलेंस से घायल को मेडिकल कालेज ले आई। इमरजेंसी वार्ड में उसका उपचार किया जा रहा है। इमरजेंसी प्रभारी डॉ. शादाब ने बताया कि घायल रामप्रताप के पेट में गोली लगी है। गोली आरपार हो चुकी है। उपचार चल रहा है। उधर सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी, तिर्वा कोतवाल आमोद कुमार, सीओ अंबरीश सिंह भदौरिया व ठठिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार यादव मेडिकल कालेज पहुंच गए। यहां ठठिया थानाध्यक्ष ने घायल व्यापारी के बयान दर्ज कर पूछताछ की।