छिबरामऊ। हत्या के मामले में सजा काट रहे गैंगस्टर एक्ट के आरोपी जुल्फिकार की चल अचल संपत्ति की जांच करने के लिए पीडब्लूडी व पुलिस टीम पहुंची। टीम ने नगर में कई जगह छापा मार कार्रवाई की। इस दौरान मोहल्ला चौधरियान में हड़कंप मच गया।
लोक निर्माण विभाग के एई अभय कुमार गुप्ता, विशुनगढ़ थाने के एसएसआई राधेश्याम, सिटी इंचार्ज विनय शर्मा, महिला चौकी प्रभारी रजनीबाला भारी पुलिस बल के साथ मोहल्ला चौधरियान व फर्रुखाबाद रोड स्थित जुल्फिकार की संपत्ति की जांच करने पहुंचे। पिछले चार वर्षों में अर्जित की गई चल अचल संपत्ति की नापजोख कराकर मूल्यांकन किया। एई ने बताया कि शिकायत के आधार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह जांच हो रही है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।
बता दें कि मोहल्ला गनेश चौधरी निवासी जुल्फिकार पर हत्या समेत कई अन्य संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उस पर गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई हुई है। नगर के कुछ लोगों ने जुल्फिकार पर गलत तरीकों से चल अचल संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए डीएम समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी।