{"_id":"6b0c74a378631c9bbe08bfc5","slug":"sleeper-bus-overturns-on-jhansi-kanpur-highway-over-70-passengers-injured-2026-11-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: झांसी-कानपुर हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, 70 से अधिक यात्री घायल... 33 को मेडिकल कॉलेज भेजा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: झांसी-कानपुर हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, 70 से अधिक यात्री घायल... 33 को मेडिकल कॉलेज भेजा
Mon, 30 Nov 2026 12:23 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, झांसी
अमर उजाला नेटवर्क, झांसी
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 30 Nov 2026 12:23 AM IST
सार
बस में 80 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बस के नीचे यात्री दब गए। उनके बीच चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
विज्ञापन
हादसे के बाद...
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कानपुर से राजकोट जा रही स्लीपर बस रविवार रात बड़ागांव क्षेत्र में सीमेंट फैक्टरी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 80 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बस के नीचे यात्री दब गए। उनके बीच चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 33 घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, बस रविवार शाम करीब चार बजे कानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर से रवाना हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे झांसी-कानपुर हाईवे पर बड़ागांव स्थित सीमेंट फैक्टरी के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई। रफ्तार अधिक होने के कारण बस सड़क किनारे जाकर पलट गई। बस पलटते ही यात्री अंदर फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए दौड़े।
विज्ञापन
कुछ ही देर में बड़ागांव थाना पुलिस और सीओ सदर सिमरन सिंह मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। घायलों को चार एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में सवार अधिकांश यात्री कानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग राजकोट और आसपास के क्षेत्रों में काम करते हैं।
विज्ञापन
हादसे के बाद पुखरायां निवासी आशीष शुक्ला बस के अंदर काफी देर तक फंसा रहा। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत की लेकिन सफल नहीं हो सके। फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। सीओ सदर सिमरन सिंह का कहना है कि घायलों को बाहर निकाला जा रहा है।
हाईवे बंद, दूसरे रास्ते पर लगा जाम
हादसे के बाद पुलिस ने झांसी-कानपुर हाईवे पर यातायात रोक दिया। वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला जाने लगा। इससे वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
हादसे में घायल 33 लोगों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
बस हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे घायलों में गिरजा(40), श्रवण प्रसाद (32), दयाराम (42), दिनेश (25), लक्ष्मीबाई (20), तनु (22), मिराज (18), गोपाल (16), रामकिशोर (26), राजेश (32), राकेश (32), सचिन (19), रामू (25), मोहन (22), सर्वेश (20), दीपक (23), आशीष (18), अमरजीत (25), शिवा (18), रोहित (19), आनंद कुमार (30), यश (16), आशुतोष (20), उमर सिंह (19), अंकित (25) और संजना (24) समेत अन्य शामिल हैं। डॉक्टर का कहना है इन सभी को चोट आई है लेकिन उनकी दशा खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायलों के रेस्क्यू करने में विधायक ने की मदद
चिरगांव से लौटते समय रास्ते में विधायक जवाहर सिंह राजपूत को हादसे के घायल मिल गए। उन्होंने अपना वाहन रुकवाकर घायलों के रेस्क्यू में मदद की। इसके बाद विधायक महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती घायलों का हालचाल जाना। देर रात तक वह अपने सहयोगियों के साथ अस्पताल में मौजूद रहे।
