{"_id":"67eda33411d78853b600a519","slug":"sdo-accused-of-electricity-bill-scam-removed-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-525905-2025-04-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: हटाए गए बिजली बिल घोटाले के आरोपी एसडीओ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: हटाए गए बिजली बिल घोटाले के आरोपी एसडीओ
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मऊरानीपुर में लाखों रुपये के बकाये बिजली बिलों में की गई हेराफेरी के मामले में आरोपी एसडीओ अनिल सागर को हटा दिया गया है। एसई ग्रामीण की संस्तुति पर मुख्य अभियंता ने यह कार्रवाई की। उन्हें अधीक्षण अभियंता कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इसके साथ ही उनके स्थान पर दूसरे एसडीओ को नियुक्त किया गया है।
मऊरानीपुर स्थित ग्रामीण उपखंड में बिजली के बकाये बिलों में हेराफेरी का बड़ा मामला पकड़ा गया था। एसडीओ पर आईडी का गलत तरीके से उपयोग कर गड़बड़ी किए जाने के आरोप लगे। एसडीओ के अलावा अन्य कर्मियों पर भी आरोप लगाए गए कि सभी के सिंडीकेट ने यह गड़बड़झाला किया। आरोप है कि इन्होंने उपभोक्ताओं से लाखों रुपये वसूल कर एसडीओ को दिए और फिर एसडीओ ने इन बिलों को गलत तरीके से कम कर दिया। नाममात्र रुपये बिल के रूप जमा कर रसीद थमाई गई।
विज्ञापन
शुरुआत में 9 प्रकरण सामने आए। इसमें 31.57 लाख रुपये का हेरफेर किया गया। अमर उजाला में 25 मार्च के अंक में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। इसे आलाअफसरों ने गंभीरता से लेते हुए दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी। मामला राजस्व से जुड़ा है। इसकी गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही जांच रिपोर्ट अधिकारियों को सौंप दी जाएगी। वहीं, मुख्य अभियंता मोहम्मद सगीर ने अधीक्षण अभियंता ऐनुल होदा की संस्तुति पर एसडीओ अनिल सागर को हटाकर एसई ग्रामीण कार्यालय में संबद्ध कर दिया है। उनके स्थान पर नए एसडीओ के रूप में अनिरुद्ध मौर्य की तैनाती की है।
विज्ञापन
दो और नए एसडीओ को मिली नई तैनाती
मुख्य अभियंता ने दो और नए एसडीओ को अपने क्षेत्र में तैनाती दी है। इसमें लोकेश कुमार को ललितपुर ग्रामीण का नया उपखंड अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह पद एसडीओ के निलंबित हो जाने के बाद से खाली चल रहा है। इसके अलावा, रविंद्र कुमार को कोंच का एसडीओ नियुक्त किया है।
वर्जन -
- मऊरानीपुर में बिलों में की गई गड़बड़ी की जांच जारी है। रिपोर्ट आते ही संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उपखंड कार्यालय में तैनात एसडीओ अनिल सागर को यहां से हटाकर एसई ग्रामीण कार्यालय में संबद्ध कर लिया गया है। उनके स्थान पर दूसरे एसडीओ की नियुक्त की गई है। - ऐनुल होदा, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण, विद्युत वितरण मंडल झांसी।