झांसी। प्रधानमंत्री फसल बीमा से वंचित करीब आठ हजार किसानों के समर्थन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी उतर आई हैं। अमर उजाला की खबर को प्रियंका ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से साझा करते हुए सरकार से इनके जल्द भुगतान की मांग की है। उधर, इस मामले को तूल पकड़ता देख कृषि अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। कृषि अधिकारियों ने बैंक अफसरों को पत्र भेजकर भुगतान करने की जरूरत बताई है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इसे अपने एफबी एकांउट से पोस्ट करते हुए इस मामले में योगी सरकार को घेरा। प्रियंका गांधी ने आर्थिक परेशानी के दौर में किसानों के साथ बरती गई इस लापरवाही को क्रूर मजाक करार देते हुए तत्काल उनके भुगतान कराने की मांग की है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी अमर उजाला की खबर को ट्वीट करते हुए सरकार पर निजी बीमा कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा जल्द भुगतान न होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी। उधर, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार ने कहा यह सीधे-सीधे किसानों के साथ ठगी का मामला है। सरकार अगर तुंरत हस्तपेक्ष नहीं करती है तब पूरे बुंदेलखंड में आंदोलन शुरू किया जाएगा। बता दें, पिछले खरीफ सीजन में यहां 1.30 लाख किसानों के बीमा दावे सही पाए गए लेकिन, सिर्फ 122667 किसानों को ही बीमा का भुगतान किया गया। शेष किसान पोर्टल पर नाम दर्ज न होने की वजह से बीमा की रकम पाने से वंचित हो गए।