झांसी। कोरोना संक्रमण के दौर में बेहतर इलाज मुहैया कराने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में झांसी नगर निगम के महापौर और पार्षदों ने भी महानगर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को गोद लिया है। पार्षद अपने-अपने केंद्र पर सफाई और सैनिटाइजेशन कराने के साथ अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
कोरोना संक्रमण के दौरान सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी को लेकर काम कर रही है। इसे लेकर पिछले दिनों राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महापौर और पार्षदों को स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेने के लिए कहा था। जिसके बाद झांसी नगर निगम के महापौर रामतीर्थ सिंघल ने डडियापुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपसभापति सुनील नैनवानी ने झोकनबाग स्वास्थ्य केंद्र, जितेंद्र सिंह ने नई बस्ती, सुरेंद्र साहू ने आजादगंज, मीरा कोटिया ने हीरापुरा, शेख शाहिद मंसूरी ने बगीचा पुलिया नंबर नौ, रामकुमारी ने लहरगिर्द, गीता संजय वाल्मीकि ने तालपुरा, कमर खातून ने नंदनपुरा, सुलेमान अहमद मंसूरी ने मेवातीपुरा, लखन कुशवाहा ने बाहर खंडेराव गेट, अजीदा मकरानी ने बाहर दतिया गेट स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र को गोद लेने पर सहमति दी है। महापौर और पार्षद अपने-अपने गोद लिए स्वास्थ्य केंद्र पर सफाई और सैनिटाइजेशन कराने के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की पहल करेंगे।