झांसी। महानगर में छह दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मचेगी। कल से शुरू हो रहे झांसी महोत्सव में देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को कलाकारों के कार्यक्रमों की सूची जारी कर दी।
महोत्सव में 25 जनवरी को प्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा, 26 जनवरी को महाकवि सम्मेलन और यूफोरिया बैंड की प्रस्तुति होगी। 27 जनवरी को मालिनी अवस्थी और वडाली ब्रदर्स का कार्यक्रम, 28 जनवरी को गायक बी प्राक, 29 जनवरी को एमजे 5 डांस ग्रुप, 30 जनवरी को गायक पापोन और 31 जनवरी को गायक मनकीरत औलख प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही महोत्सव में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगेंगी। खादी ग्रामोद्योग, ओडीओपी की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने सभी विभागाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंप दी है। इसके साथ ही कार्यक्रमों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी निर्देश जारी किए है। सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि झांसी महोत्सव भव्य होगा। देश के कलाकार आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे। शाम चार बजे से कार्यक्रमों का आयोजन होगा।