Jhansi: विश्व हिंदू परिषद बनाएगी देश में एक करोड़ हितचिंतक, छह से बीस नवंबर के बीच चलेगा अभियान
विभाग संगठन मंत्री सर्वेश ने बताया कि हितचिंतक अभियान का उद्देश्य विहिप का जन सेवा के कार्यों के लिए विस्तार करना है। अभियान के दौरान देश के डेढ़ लाख गांवों में जाकर एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है।
विस्तार
झांसी में विश्व हिंदू परिषद की ओर से छह से 20 नवंबर के बीच हितचिंतक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कानपुर प्रांत में छह हजार गांवों तक पहुंचकर छह लाख हिंदुओं को जोड़ा जाएगा। यह जानकारी विहिप के केंद्रीय सहमंत्री विजय शंकर तिवारी ने पत्रकार वार्ता में दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि साल 2024 में विहिप की स्थापना के 60 साल पूरे हो जाएंगे। विहिप ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। विभाग संगठन मंत्री सर्वेश ने बताया कि हितचिंतक अभियान का उद्देश्य विहिप का जन सेवा के कार्यों के लिए विस्तार करना है। अभियान के दौरान देश के डेढ़ लाख गांवों में जाकर एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है। इसी के तहत झांसी महानगर में 50 हजार हितचिंतक बनाए जाएंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रभाकर अवस्थी, जिला मंत्री अभिषेक सिंह राजपूत समेत करन प्रताप सिंह, प्रफुल्ल जैन, मयंक झा, अर्पित आदि मौजूद रहे।