झांसी। हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी आंद्रा वामसी से कैंप कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन दिया। डीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि अब तक धार्मिक स्थलों पर पूजा-पाठ, अरदास प्रार्थना व नमाज के लिए कार्यालय से कोई पास नहीं दिए गए हैं।
डीएम ने कहा कि जनपद में धार्मिक सौहार्द को बनाया रखा जाएगा। कोराना वायरस के चलते लॉकडाउन तीन मई तक के लिए बढ़ाया गया है। इसलिए जनपद के सभी धार्मिक स्थल इस अवधि में पूरी तरह बंद रहेंगे। आने वाले त्योहारों को मद्देनजर रखते हुए धर्मस्थलों में नियमित साफ-सफाई कराने के अलावा गुरुद्वारे में अरदास व मस्जिद में अजान के लिए अनुमति दी गई है। वह भी इस शर्त के साथ कि धार्मिक गुरु उनके नाम, पते, मोबाइल नंबर देंगे और ई-पास के लिए आवेदन करने के बाद जो पास निर्गत होंगे, तभी अनुमति प्राप्त हो सकेगी। सभी धर्म गुरुओं से सर्वधर्म सद्भावना समिति की बैठक में यह तय हुआ था कि सभी धर्म अपने त्योहारों को घर पर ही मनाएं। कोई बाहर न निकले। इस दौरान सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे, अंजच अड़जरिया, विनोद अवस्थी, अतुल मिश्रा, संजीव तिवारी मौजूद रहे।