नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक अपने अंजाम पर पहुंचने से पहले ही स्थगित हो गई। दो दिन चली बैठक में भ्रष्टाचार के मुद्दे हावी रहे, जबकि तीसरे दिन शुक्रवार को अचानक बैठक स्थगित कर दी गई। इसके पीछे अधिकारियों की कोविड - 19 में व्यस्तता का हवाला दिया। वहीं, कार्यकारिणी सदस्य भी अपने रुख पर कायम हैं। उनका कहना है कि अफसरों के पास भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों के जवाब नहीं है, जिससे बैठक स्थगित कर दी गई। आगे जब भी बैठक होगी, वे पहले निगम के अफसरों से अपने सवालों के जवाब मांगेंगे, इसके बाद बजट पर चर्चा होगी। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को शुरू हुई थी। शुरुआत में ही कार्यकारिणी सदस्यों ने अफसरों को घेरना शुरू कर दिया था। विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के भी कुछ सदस्य बैठक में एक राय नजर आ रहे थे। पार्षदों ने निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कई बिंदुओं पर जवाब मांगे थे। लेकिन, पहले दिन बैठक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी कमोबेश यही स्थिति बनी रही। दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग, कर्मशाला और मार्ग प्रकाश विभाग कुछ अधिकारी बैठक से कन्नी काट गए। उनकी गैर हाजिरी पर कार्यकारिणी सदस्यों ने हंगामा भी किया। उम्मीद जताई जा रही थी कि तीसरे दिन शुक्रवार को बैठक अपने अंजाम पर पहुंच जाएगी। पार्षदों को उनके सवालों के जवाब मिलें या न मिलें, परंतु बजट पर जरूर मुहर लग जाएगी। पार्षद भी शुक्रवार को बैठक को अंजाम तक ले जाने के मूड में थे। लेकिन, बैठक शुरू होने से पहले ही नगर निगम की ओर से कार्यकारिणी सदस्यों को स्थगन की सूचना दे दी गई। उन्हें बताया कि गया निगम के अधिकारियों व विभागाध्यक्षों की कोविड - 19 के विभिन्न कार्यों में व्यस्तता होने के चलते बैठक स्थगित कर दी गई है। वहीं, पार्षदों का कहना कि नगर निगम के अधिकारियों के पास उनके सवालों के जवाब नहीं थे, जिससे ये बैठक स्थगित की गई है। हालांकि, आगे जब भी बैठक होगी, शुरुआत भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों के जवाब से ही होगी। कार्यकारिणी के ये हैं प्रमुख सवाल ................................................. - महानगर के स्ट्रीट लाइट के खंभों पर लगीं तिरंगा लाइट के खर्च का ब्योरा - टेंडर खत्म होने के बाद भी सिक्योरिटी गार्ड किस आधार पर कर रहे हैं काम - डोर टू डोर कचरा उठान करने वाली एजेंसियों को किन नियमों के तहत किया जा रहा भुगतान - निर्माण व बिजली विभाग में कुटेशन के आधार पर कराए गए कार्यों का दिया जाए ब्योरा - जानवरों के आहार के लिए दिए गए टेंडरों का दिया जाए ब्योरा