{"_id":"685080603441f9d1a6062462","slug":"homeguard-dies-in-collision-with-high-speed-vehicle-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-578887-2025-06-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से होमगार्ड की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से होमगार्ड की मौत
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ड्यूटी कर लौट रहे बाइक सवार दो होमगार्डों को सकरार के लुहारी गांव के पास सोमवार दोपहर में तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। होमगार्ड रतीराम (57) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरजू प्रसाद (45) गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना प्रेमनगर के ईसाई टोला मोहल्ला निवासी होमगार्ड रतीराम एवं मऊरानीपुर के मथूपुरा, चुरारा गांव निवासी हरजू प्रसाद की पुलिस लाइन में ड्यूटी थी। रतीराम मूल रूप से थाना लहचूरा के रोरा गांव के रहने वाले थे। सोमवार सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद रतिराम गांव जाने के लिए हरजू के साथ उनकी बाइक से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों जैसे ही लुहारी टोल प्लाजा के आगे पहुंचे, पीछे से आ रहे वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर जा गिरे। रतीराम के सिर में गहरी चोट आ गई। हरजू के हाथ, पांव एवं सिर में चोट आई। सकरार थाना प्रभारी अमीराम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रतीराम की मौत हो चुकी थी, जबकि हरजू की हालत नाजुक थी। उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। परिवार के लोग भी रोते बिलखते अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी के मुताबिक वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन