भागचंद्र-अर्चना की खत्म हो गई जिंदगी: परिजन दोनों की कर रहे थे तलाश, इस हाल में मिले शव; 26 की रात से थे लापता
पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि करीब दो साल से दोनों संपर्क में थे।
विस्तार
ललितपुर के थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम पंचौरा निवासी भागचंद्र पाल (19) पुत्र सरमन पाल व अर्चना (18) पुत्री रणवीर सिंह के शव ग्राम करारी में बेतवा नदी किनारे चिरौल के पेड़ से एक ही रस्सी के फंदे पर लटकते हुए मिले। उधर, नहर की सफाई का काम देखने गए सिंचाई विभाग के अवर अभियंता के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी।
थाना जखौरा के भागचंद्र और अर्चना दोनों 26 अक्तूबर की रात करीब 8 बजे से घर से गायब थे। जिनकी खोजबीन परिजन कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि करीब दो साल से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या की बात कही। वहीं संभावना जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने आत्महत्या की है।
नहर में चल रहे सिल्ट सफाई का काम देखने गए सिंचाई विभाग के अवर अभियंता रमाकांत वर्मा के साथ कुछ लोगों ने गाली गलौज कर मारपीट कर दी। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित जेई ने बताया कि वह कुआतला के पास नहर की सिल्ट सफाई को देखने गया था। यहां उसने देखा कि कुछ लोग नहर के बगल की मिट्टी को काट रहे थे।
मिट्टी काटे जाने से नहर के फटने का खतरा था। इस पर उन्होंने मिट्टी काटने वालों को रोक दिया। जब वह वापिस लौट रहे थे तो ग्राम प्रधान कुआतला अपने साथियों के साथ वाहन से आए और उनके वाहन को रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। मोबाइल फोन छीन लिया और छेड़छाड़ के झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दी।