झांसी। सर्दियां शुरु होते ही पटरी टूटने और चटकनेे के मामले बढ़ने लगे हैं। शनिवार सुबह ग्वालियर-झांसी रेलवे ट्रैक पर पटरी टूट गई। इटावा-झांसी एक्सप्रेस का इंजन टूटी पटरी से गुजरा, तभी तेज आवाज हेने पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने ट्रैक की तत्काल मरम्मत कराई। इसके चलते झांसी-इटावा एक्सप्रेस और झांसी-आगरा एक्सप्रेस लेट हो गई। मरम्मत के बाद ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया।
सर्दियों में पटरी सिकुड़ने से टूटने और चटकने की घटनाएं अधिकतर होती हैं। इसे लेकर रेलवे ने की-मैन और अन्य स्टाफ को सख्त निर्देश दे रखे हैं। शनिवार सुबह सोनागिर-दतिया स्टेशन के बीच किलोमीटर नंबर 1161/3 पर पटरी टूट गई। की-मैन ने पटरी को टूटा देखा, तो हादसे की आशंका को भांपते हुए तुरंत लाल सिग्नल दिया। इस दौरान वहां से इटावा-झांसी एक्सप्रेस गुजर रही थी। चालक ने लाल सिग्नल देखा, तब तक इंजन पटरी से गुजर चुका था। तभी अचानक तेज आवाज आई। इस पर तत्काल चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। जिससे ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। साथ ही की-मैन ने पटरी टूटने की सूचना स्टेशन मास्टर और कंट्रोल रूम को दी। जानकारी मिलते ही पीछे आ रही आगरा-झांसी एक्सप्रेस को कोटरा स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रेन की मरम्मत की। घटना के चलते इटावा-झांसी एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। पटरी के मरम्मत के बाद ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया। वहीं आगरा-झांसी एक्सप्रेस 30 मिनट लेट हो गई।