रामपुर। विकासखंड अंतर्गत कसेरू गांव में स्थित महावीर मंदिर परिसर में दो दिवसीय विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के साथ-साथ अन्य प्रांतों से आए नामी-गिरामी पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस विराट कुश्ती दंगल में राजस्थान, नेपाल, हरियाणा, दिल्ली, जौनपुर, बलिया सहित कई राज्यों एवं क्षेत्रों से आए पहलवानों ने भाग लिया। फाइनल राउंड में ग्वालियर के आशीष पहलवान और अयोध्या हनुमानगढ़ी से आए बाबा उर्फ सुदामा के बीच मुकाबला हुआ। इसमें बाबा पहलवान ने जीत दर्ज की। वहीं एक लाख रुपये की कुश्ती प्रतियोगिता ग्वालियर और दिल्ली के पहलवानों के बीच कराई गई, जिसमें सुनील कुमार पहलवान और रामू पहलवान के बीच 10 मिनट तक कड़ा मुकाबला चला, लेकिन कुश्ती बराबरी पर छूटी। इसके बाद नेपाल से आए थापा पहलवान और हनुमानगढ़ी के बाबा पहलवान के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला, जिसमें दोनों पहलवानों ने दमखम दिखाया। समापन पर दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शक्ति सिंह ने कहा कि कुश्ती केवल भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी साख मजबूत कर रही है।