यूपी: छात्राओं को गाली देने का थानाध्यक्ष का वीडियो वायरल, एसपी ने दिए जांच के आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर जिले के लाइन बाजार थानाध्यक्ष का प्रदर्शनकारी छात्राओं को गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसकी सत्यता का पता करने के लिए एसपी अजय कुमार साहनी ने जांच शुरू करा दी है। सीओ सिटी को जांच अधिकारी बनाया है। एसपी ने तीन दिन के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी है।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जगदीश पट्टी निवासी व बक्शा ब्लाक में सहायक लेखाकार के पद पर कार्यरत आमोद पटेल की पत्नी मंजू पटेल(42) की हत्या कर घर से कुछ दूर जफराबाद थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे झाड़ी में फेंका गया शव शुक्रवार की सुबह मिला था। शनिवार को घटना के 24 घंटे बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मंजू की स्नातक की पढ़ाई कर रही बेटी, छात्र-छात्राओं के साथ एसपी आवास का घेराव करने पहुंच गई थी।
वहां उन्हें समझाने और हटाने के लिए लाइन बाजार थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा भी पहुंचे थे, जिनका वीडियो वायरल हो गया। इसे लोगों ने ट्वीट किया। वीडियो में थानाध्यक्ष यह कहते नजर आ रहे हैं कि मीडिया और टीवी देखकर नेता बनने का शौक चढ़ा है। घटना को अंजाम देने वाला भी तुम्हारे बिरादरी से ही है। कौन हो, कहां से आए, भागो यहां से। इसके बाद गाली देकर भगा दिया था।
इस वीडियो को आईजी वाराणसी ने भी संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया है। दूसरी ओर वीडियो वायरल होने पर पुलिस की सक्रियता बढ़ गई। वारदात के 36 घंटे के अंदर ही मंजू के जेठ संतोष कुमार पटेल के बेटे अजय पटेल को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपने दोस्त की मदद से चाची की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए सीओ सिटी को आदेश दिया गया है। वह वीडियो की सत्यता का पता लगाएंगे। साथ ही तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है।