जौनपुर: निषाद पार्टी के मुखिया पर बरसे मुकेश साहनी, बोले- परिवार और दुकान चलाने के लिए पार्टियों को ब्लैकमेल करते हैं निषाद समाज के नेता
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश साहनी ने बुधवार को निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद पर जमकर तीखा हमला किया। उन्होंने बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित आरक्षण चेतना रैली को संबोधित किया। मुकेश साहनी ने बिना उनका नाम लिए कहा कि कुछ दिन पहले इसी मैदान में जनसभा करने आने वाले एक नेता चुनावी बेला में सिर्फ बड़ी-बड़ी पार्टियों को ब्लैकमेल करते हैं। वे अपनी दुकान चलाने और परिवार को लाभ पहुंचाने का काम करते हैं। लेकिन, अब समय बदल चुका है। मछली फंसाने वाला मछुआरा अब उनकी जाल में नहीं फंसेगा।
बिहार सरकार में मंत्री मुकेश साहनी ने कहा कि साल 2022 के चुनाव में वीआईपी पार्टी 165 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। मेरा उद्देश्य राजनीति करना नहीं है, बल्कि अपने परिवार की सेवा करना है, जो निषाद समाज के लोग हैं। मुकेश साहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 16 प्रतिशत से अधिक आबादी होने के बाद भी निषाद समाज के साथ दोयम दर्जे का बर्ताव किया जा रहा है। निषाद समाज को राजपाट दिलाने का झूठा सपना दिखाकर एक नेता अपने परिवार के हित के लिए ही जुटा हुआ है।
निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि बाप-बेटे सांसद और एमएलसी बन गए हैं। उनकी पार्टी का रजिस्टेशन और चुनाव चिह्न तक नहीं है। अपने ही परिवार की भलाई सोचने वाले निषाद समाज के इन नेताओं ने समाज को बर्बाद कर दिया।
उन्होंने कहा कि यूपी में जिसकी सरकार होती है, केंद्र में भी उसकी ही सरकार बनती है। इसलिए निषाद समाज के लोगों को समझना होगा। यदि ऐसा हो गया तो निषाद समाज पूरे देश पर राज करेगा। वीआईपी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लौटन राम निषाद ने कहा कि भाजपा निषाद समाज के साथ वादाखिलाफी कर रही है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो समाजिक न्याय आधारित दलों से गठबंधन कर मिशन 2022 के चुनावी समर में पार्टी उतरेगी।