जफराबाद। क्षेत्र के अहमदपुर ग्राम पंचायत के मलिक बहादुरपुर बस्ती में शुक्रवार को सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने काम रोकवा दिया। सड़क के टूटे हिस्से के बजाय बजाए अच्छे हिस्से में मरम्मत कराने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना था कि अहमदपुर लिंक मार्ग पर अनुसूचित बस्ती से निषाद बस्ती तक सड़क पूरी तरह से टूट गया है। इस सड़क मरम्मत कार्य के लिए एक वर्ष पूर्व पीडब्लूडी को ज्ञापन दिया गया था। अब मरम्मत कार्य शुरू हुआ है। अनुसूचित बस्ती से निषाद बस्ती के बीच जर्जर सड़क पर कार्य न करके, उसके पहले ही अच्छी सड़क पर दोबारा कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कार्य करने वाले ठेकेदार से जर्जर सड़क को बनाने की बात कही। ठेकेदार रवींद्र कुमार का कहना था कि लिंक मार्ग पर 15 सौ मीटर सड़क निर्माण कार्य करने का टेंडर हुआ है। विभाग से जहां कार्य करने का निर्देश मिला है वहीं पर कार्य करने की बात कही। आक्रोशित ग्रामीणों ने जर्जर सड़क मरम्मत कार्य की मांग करते हुए कार्य को रोक दिया। इस दौरान गांव निवासी पंकज कुमार, कार्तिकेय तिवारी, रतन सिंह, राज कुमार, नीरज, मनीष शुक्ला, विकास, गौतम यादव, सतीश आदि उपस्थित रहे।