जौनपुर। प्रसूति एवं स्त्री रोग संघ की ओर से आईएमए भवन में टीकाकरण जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। चिकित्सकों ने कहा कि टीकाकरण सभी के लिए जरूरी है। टीकाकरण का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चे, किशोर, वयस्क और उनके समुदाय को टीका लगाकर रोगों से सुरक्षित किया जा सके। टीकाकरण जागरूकता एवं प्रश्नोत्तर सत्र सचिव डाॅ. शैली निगम ने अतिथियों का स्वागत किया। इस वर्ष की टीकाकरण सप्ताह की थीम बताते हुए नए टीकों की जानकारी दी। डॉ. शुभा सिंह ने गर्भावस्था में लगने वाले टीकों टीडी व टीडैप के बारे में चर्चा की। डाॅ. मधु शारदा ने एचपीवी वैक्सीन एवं डा. अंजू कन्नौजिया ने प्रीनेटल वैक्सीन के बारे में बताया। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. सरोज यादव एवं डाॅ. मुकेश शुक्ल ने नवजात से लेकर 5 वर्ष तक लगने वाले टीकाकरण के विषय में बताया। बताया कि टीके कई बीमारियों से बचाव में मदद करते हैं, जैसे कि पोलियो, खसरा, काली खांसी और डिप्थीरिया आदि। टीकाकरण एक जीवन रक्षक उपाय है जो सभी के लिए सुलभ होना चाहिए। कार्यक्रम में नर्सिंग स्टाफ ने टीकाकरण संबंधित पोस्टर बनाए। डाॅ. प्रियंवदा सिंह और डाॅ. बीना त्रिपाठी ने पोस्टर के विजेताओं को सम्मानित किया। डाॅ. शिल्पी सिंह ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर उर्वशी सिंह, डाॅ. अंजना सिंह, धर्मेंद्र गुप्ता, मीरा अग्रहरी, ज्योति श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। संचालन स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. शिखा शुक्ला एवं डाॅ. प्रियंका चौहान ने किया।