रामपुर विकास खंड के सरायडीह स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन नहीं पहुंचने पर लोगों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा कर हंगामा किया।
ग्राम पंचायत बासुपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र सरायडीह पर सोमवार की सुबह से ही सैकड़ों लोग कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए लाइन में खडे़ थे। स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी वैक्सीन आने की सही जानकारी नहीं दे रहे थे। स्वास्थ्य पर टीकाकरण की सूचना तो चस्पा कर दी गई थी लेकिन वैक्सीन पहुंची ही नहीं। पूछे जाने पर स्वास्थ्य कर्मी बार-बार यही कह रहे थे कि वैक्सीन आ रही है। ऐसे में लाइन में लगे लोग काफी आक्रोशित थे। स्वास्थ्य केंद्र पर उपस्थित राजमन, राजू, नागेंद्र, अर्जुन, रविंद्र, बब्लू, राजेश्वर आदि का आरोप है कि स्वास्थ्य कर्मी वैक्सीन आने के बारे में सही जानकारी नहीं दे रहे थे। दोपहर सवा बारह तक केंद्र पर वैक्सीन नहीं पहुंची तो लोगों का सब्र टूट गया। आक्रोशित लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। लगभग बीस मिनट तक चले प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के हाथ-पांव फूलने लगे। प्रदर्शन से स्वास्थ्य केंद्र पर अफरातफरी का माहौल बन गया। कुछ क्षेत्रीय व संभ्रात लोगों ने मौके पर पहुंच कर भीड़ का गुस्सा शांत कराया। प्रभारी चिकित्साधिकारी रामपुर राकेश कुमार कनौजिया ने बताया कि मड़ियाहूं में जाम लगने की वजह से वैक्सीन पहुंचने में देरी हुई। करीब एक बजे से केंद्र पर टीकाकरण शुरू हुआ।