यूपी पंचायत चुनाव: कोरोना के बीच कल पहले चरण का मतदान, निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को दी ये सलाह
जौनपुर के डीएम और एसपी ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ की बैठक।
निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कोरोना वायरस से बचने की सलाह दी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव का पहला चरण का मतदान 15 अप्रैल को होगा। इसको लेकर जौनपुर जिले के निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा और एसपी राजकरन नय्यर ने पुलिस लाइन परिसर में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस विभाग के अधिकारियों के बैठक कर निर्वाचन के तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में डीएम ने कहा कि चुनाव कार्य कोरोना संक्रमण के कारण चुनौती पूर्ण हो गया है। सभी मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि खुद को संक्रमण से बचाते हुए चुनाव संपन्न कराएं। मास्क एवं समय-समय पर सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहे। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों एवं पार्टी रवाना स्थल पर कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
पीठासीन अधिकारी अपने बूथों पर पहुंचकर यह सुनिश्चित कर लें कि दीवारों पर कोई आपत्तिजनक चीज चस्पा तो नहीं की गई है। मतदान कर्मियों के पास एक-दूसरे के मोबाइल नंबर अवश्य होने चाहिए। मतदान कर्मचारी गांव के किसी भी व्यक्ति से आवभगत नहीं कराएगा।
एसपी राजकरन नय्यर ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि उनका उद्देश्य निष्पक्ष, शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ फोर्स लगाई गई है। रात्रि विश्राम निर्धारित ड्यूटी स्थल पर ही करें। ऐसा नहीं करने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ अनुपम शुक्ला ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच संवाद बना कर काम करने को कहा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामप्रकाश, एवं एएसपी देहत त्रिभुवन सिंह मुख्य राजस्व अधिकारी राजकुमार द्विवेदी, एसडीएम सदर नीतीश कुमार सिंह, एएसपी शहर डॉ. संजय कुमार आदि मौजूद रहे।