जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में शनिवार को कुलाधिपति के विशेष कार्य अधिकारी डॉ. पंकज एल जानी ने शनिवार को समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के साथ संवाद निरंतर बनाए रहें। विद्यार्थी ठोकर खाता है, गिरता है तभी तैयार होता है। ऐसे में उसके भविष्य निर्माण की पूरी जिम्मेदारी शिक्षक पर ही होती है।
सभी विश्वविद्यालय मिलकर पाठ्यक्रम बनाएं, साथ ही टीम भावना के साथ मल्टी डिस्पलीनरी कार्य करें। राष्ट्रीय शिक्षा नीति की यही मंशा है। नैक मूल्यांकन पर उन्होंने कहा कि नैक के हर बिंदु पर विश्वविद्यालय अपनी तैयारी करता है। इसके लिए थोड़ा और भी अतिरिक्त प्रयास विश्वविद्यालय को करना चाहिए। विश्वविद्यालय की समस्त गतिविधियां और जानकारियों के साथ सभी प्रपत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर होने चाहिए। कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने स्वागत करते हुए कहा कि राजभवन के दिशा निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय पूरी तैयारी कर रहा है। विभागाध्यक्ष शैक्षणिक कार्यों का प्रपत्र तैयार कर उसकी कार्रवाई पूरी करें ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और विश्वविद्यालय को समस्त सुविधाएं मिल सकें। संचालन आइक्यूएसी सेल के समन्वयक प्रो. मानस पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव महेंद्र कुमार ने किया।