थानागद्दी। केराकत कोतवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत नुआंव गांव में मामूली विवाद को लेकर दो गुट आमने-सामने हो गए। जमकर मारपीट के दौरान एक पक्ष के लोगों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है। विवाद की सूचना पाकर पहुंचे दो पुलिसकर्मी भी बीचबचाव में जख्मी हो गए। सीओ के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। मारपीट में दोनों पक्षों से 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तनाव को देखते हुए भारी फोर्स तैनात कर दी गई है।
नुआंव गांव की अनुसूचित जाति की बस्ती में बुधवार की सुबह प्रमोद ने पड़ोसी गांव के छोटू सिंह को तेज गति में बाइक चलाने से मना किया तो दोनों में कहासुनी हो गई है। गाली-गलौज के बाद दोनों मारपीट करने लगे। आसपास के लोगों ने दोनों को अलग-अलग मामला शांत कराया। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम लोगों को समझा-बुझा रही थी, तभी दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंच गए और हमला बोल दिया। इसमें अनुसूचित बस्ती के प्रमोद (35), दिलीप (36), अजय (26), संदीप (25), अशोक (45), आनंद (20) को गंभीर चोट आई। दूसरे पक्ष से भी आधा दर्जन लोग जख्मी हुए। अनुसूचित जाति के लोगों का आरोप है कि उनके घरों में घुसकर तोड़फोड़ भी की गई है। मारपीट के दौरान बीच-बचाव कर रहे सिपाही बृजेश और सुरेश भी जख्मी हो गए। सिपाहियों की सूचना पर सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में केराकत, जलालपुर, चंदवक थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। केराकत पुलिस ने भारी फोर्स के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। सीओ अजय श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।