मछलीशहर (जौनपुर)। मछलीशहर और पंवारा थाने की पुलिस की ने शनिवार रात कुंवरपुर में बदमाशों से मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी सात अप्रैल को एक शिक्षक की बाइक से 5 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान की गई थी। सीओ मछलीशहर, प्रतिमा वर्मा ने बताया कि शिक्षक सूर्यमणि मिश्रा सात अप्रैल को मछलीशहर से मुस्तफाबाद जा रहे थे और रास्ते में चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनकी बाइक की डिग्गी से 5 लाख रुपये चुराकर भाग गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मछलीशहर से मुस्तफाबाद तक लगे लगभग 70-80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। यक्ष एप के माध्यम से इन फुटेज की पहचान की गई, जिससे आरोपियों की शिनाख्त हुई। मुठभेड़ के दौरान, इटावा जिले के भरथना थानाक्षेत्र के नगर मिराय बाहरपुरा निवासी सत्येंद्र कुमार दोहरे और औरैया जिले के डिबियापुर शास्त्री नगर निवासी गुड्डू उर्फ इकरार को पुलिस ने घेर लिया। बाइक पर सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में मछलीशहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने गोली चलाई, जिससे सत्येंद्र कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, गुड्डू उर्फ इकरार बाइक से गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को पकड़कर उनके पास से एक देसी तमंचा, एक कारतूस और लूट के 4.20 लाख रुपये नकद बरामद किए। इस कार्रवाई में पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी से लेकर लूट के पैसे तक सबूत जुटाए हैं और अब मामले की जांच जारी है। थानाध्यक्ष मछलीशहर विनीत राय ने बताया कि सत्येंद्र कुमार दोहरे पर कुल आठ केस दर्ज हैं। इनमें इटावा में दो, सहारनपुर पांच और मछलीशह-जौनपुर और औरैया जिले के दिबियापुर में एक-एक मामले दर्ज हैं। इसी तरह गुड्डू उर्फ इकरार पर सात केस दर्ज हैं, जिनमें जालौन और औरैया में दो-दो, झांसी, जौनपुर और मुरादाबाद में एक-एक केस दर्ज हैं। शिक्षक गुरु प्रसाद ने अपने खाते से छह लाख रुपये निकाले थे। इसमें से एक लाख अलग रखने के बाद पांच लाख रुपये साथी सूर्यमणि मिश्र को दे दिया था। सूर्यमणि मिश्र के घर पर अप्रैल में ही मांगलिक कार्यक्रम होना है। उसी के लिए मदद स्वरूप धनराशि उधार ली थी, जिसे बाइक की डिग्गी में रखे थे और उचक्कों ने ले लिया।