अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को डीएम को संबोधित ज्ञापन मुख्य चकबंदी अधिकारी को सौंपकर दुकानों की खोलने की अनुमति मांगी।
जिलाध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने नेतृत्व में मुख्य चकबंदी अधिकारी से मिलने पहुंचे व्यापारियों ने कहा कि आम व्यापारी कोरोना कर्फ्यू के चलते काफी परेशानी झेल रहा है। व्यापारियों ने कहा कि कुछ समय के लिए ही सही लेकिन दुकानें खोलने की अनुमति दे दी जाए। जिससे घर परिवार चलाने में कुछ राहत मिल सके। जिला युवा अध्यक्ष संजीव साहू तथा जिला मंत्री शशि श्रीवास्तव ने कहा कि व्यापारियों की परेशानियों को देखते हुए पूर्व की भांति अलग-अलग ट्रेड के दुकानदारों का शेड्यूल बनाकर दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि अब तो कोरोना के मरीजों की संख्या प्रशासन के आंकड़ों के हिसाब से काफी कम हो गई है। ऐसे में दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान की जाए। व्यापारी रोजी रोटी के साथ खिलवाड़ व्यापार मंडल बर्दाश्त नहीं करेगा। चेतावनी दी कि अगर दुकानों को खोलने की अनुमति प्रशासन नहीं देता है तो व्यापार मंडल प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। इस मौके पर अजीत कुमार, इश्तेयाक अहमद, सभासद कृष्ण कुमार यादव, दिनेश यादव, शशि मौर्या, अवधेश श्रीवास्तव, अमर नाथ मोदनवाल, रोहित बैंकर, दयाराम वैश्य, पवन कुमार, कमलेश कुमार, अशोक साहू आदि मौजूद रहे।