फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jaunpur News ›   There was a queue of one kilometer till Trilochan Mahadev temple.

Jaunpur News: एक किमी पहले से ही त्रिलोचन महादेव मंदिर तक लगी रही कतार

Thu, 27 Feb 2025 12:01 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Thu, 27 Feb 2025 12:01 AM IST
विज्ञापन
There was a queue of one kilometer till Trilochan Mahadev temple.
जौनपुर। महाशिवरात्रि पर त्रिलोचन महादेव, दियावां महादेव, गौरीशंकर धाम सुजानगंज समेत जिले के प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक के लिए बुधवार को दिनभर शिव भक्तों की भीड़ रही। मंदिरों के बाहर एक-एक किमी तक की लंबी लाइन देखी गई। हर-हर महादेव के उद्घोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। गुलाब, गेंदा, मोगरा, कुंद, चमेली के फूलों से महादेव का शृंगार किया गया। सुरक्षा को लेकर पुलिस बल के साथ ही अधिकारी लगाए गए। एडीएम राम अक्षयवर चौहान ने बताया कि त्रिलोचन महादेव समेत अन्य शिवालयों में करीब 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किए।
विज्ञापन

जलालपुर : ऐतिहासिक त्रिलोचन महादेव मंदिर पर बुधवार को भोर में तीन बजे से मंदिर का कपाट खुलते ही हजारों शिव भक्तों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना किया। शिव भक्तों की करीब एक किमी लंबी कतार तालाब के चारों तरफ होते हुए रेहटी ग्रामीण मार्ग पर लग गई। इससे त्रिलोचन बाजार में भी पैदल चलना मुश्किल हो गया। त्रिलोचन महादेव मंदिर के प्रबंधक मुरलीधर गिरि ने बताया कि करीब एक क्विंटल फूलों से बाबा का भव्य शृंगार किया गया। भांग-धूतरा, बेलपत्र आदि पूजन सामग्रियों के साथ दिन भर करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। वहीं करीब 10 लाख रुपये से अधिक का चढ़ावा आया। भीड़ को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक घनानंद त्रिपाठी मंदिर परिसर तथा तालाब के चारों तरफ बाजार लगे बैरियर पर खड़े होकर लोगों के आने-जाने की व्यवस्था में लगे रहे। खोया पाया केंद्र पर काफी लोगों को घोषणा करके मिलवाया गया। इस मौके पर अध्यक्ष रविशंकर सिंह, माला सिंह, गुरूगोपाल सिंह, पंकज सिंह, सोनू गिरि आदि रहे।
विज्ञापन

मछलीशहर : दियांवा महादेव में करीब एक लाख, शोभनाथ मंदिर में दो हजार, मेहरवा महादेव मंदिर में तीन हजार, पारसनाथ शिव मंदिर पोहा, कुर्नी शिव मंदिर आदि में भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किए। दियांवा नाथ मंदिर से करीब आधा किलोमीटर पहले ही वाहनों को रोक दिया गया था। भक्तों को पैदल ही मंदिर पहुंचना था। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में भारी पुलिस का बंदोबस्त किया गया था। मंदिर के पुजारी चंद्रमा प्रसाद व ओम प्रकाश ने मंदिर के प्रांगण में भूले बिछड़े कार्यालय को स्थापित किया था। इससे बिछड़े हुए दर्शनार्थियों को मिलाने में सुगमता हुई। मुफ्तीगंज : मुफ्तीगंज, नैपुरा, इटैली, मुर्तजाबाद, आजाद नगर, शिवनगर, देवकली, कटहरी, विजईपुर, बेलांव आदि शिवालयों पर श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के नारों के साथ जलाभिषेक किए। सुजानगंज : मछलीशहर रोड पर फरीदाबाद में स्थित श्री गौरीशंकर धाम पर भोर में 4 बजे मंदिर का दरवाजा खुलते ही हर-हर महादेव का जयकारा लगने लगा। यहां पर भी दिनभर में एक लाख से अधिक शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, बेलपत्र, धतूर, गाय का दूध, भांग, काला तिल, गंगाजल, नीलकंठ व पुष्प अर्पित कर भक्ति भावना के साथ पूजा अर्चना करते हुए श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाना शुरू कर दिया। मंदिर सचिव सुधीर तिवारी ने बताया कि भोर से ही श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आए हुए हैं। सिंगरामऊ : क्षेत्र के तमाम शिवालयों गुदरनाथ धाम, त्रिभुवनेश्वर महादेव, एवं पौराणिक मंदिर दूधनाथ धाम पर क्षेत्रीय भक्तों का ताता लगा रहा। सतहरिया : सराय पंवारा में स्थित स्वयंभू शिव धाम मंदिर में शिव भक्त गाजे बाजे के साथ नृत्य करते हुए पहुंच गए और जलाभिषेक किया। नगर में आनंदी माई बभनौटी, मां काली जी मंदिर, मां गायत्री शक्तिपीठ, दौलतिया हनुमान मंदिर, गिरिधाम शिवालय चंदौकी आदि जगहों पर भीड़ रही। सिरकोनी : रामेश्वरम धाम राजेपुर के ऐतिहासिक शिव मंदिर सहित क्षेत्र के अहमदपुर शिवालय व जोगीबीर देवस्थल पर जलाभिषेक करने के लिए दर्शनार्थियों की भीड़ रही। बरईपार : प्रमुख शिवालय घसीटानाथ महादेव बरईपार, लाधेश्वरनाथ महादेव शाहपुर, विशंभर नाथ महादेव विसावा में हर हर बम बम उद्घोष के साथ जलाभिषेक हुआ। मल्हनी: मल्हनी बाजार स्थित शिव पार्वती चौरा माता मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। केराकत : सिहौली स्थित गोमतेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बदलापुर : प्राचीन गौरीशंकर धाम चंदापुर में भोर से ही जलाभिषेक के लिए कतार लग गई थी। चौरेश्वरनाथ धाम छंगापुर, दूधनाथ मंदिर दुगौली खुर्द, कवंचलनाथ धाम दाउदपुर, पंचधाम मंदिर थाना के सामने, पंच शिवाला मंदिर सरोखनपुर आदि में भी दिनभर जलाभिषेक हुआ। मीरगंज : कोतवाल बीर शिवकुंज आश्रम भटहर, शिव समाधिस्थल जगदीशपुर में जलाभिषेक किया। सिकरारा : लंबोदरनाथ मंदिर हीरापुर, विश्वेश्वरनाथ धाम खपरहा, डमरूनाथ धाम डमरुआ, अजोशी महावीर धाम व शक्तेश्वर नाथ धाम सिकरारा में पूजन-अर्चन किया गया। बक्शा : बक्शा थाना क्षेत्र के शंभुगंज बाजार के दक्षिण ऐतिहासिक साईंनाथ महादेव मंदिर में हजारों महिला एवं पुरुषों ने जलाभिषेक किया। धर्मापुर : धर्मापुर बाजार स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पर भोर से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई। महराजगंज : डेल्हूपुर स्थित सांई धाम स्थित इच्छापूर्ति शिव मंदिर को एक क्विंटल फूलों से भव्य सजाया गया। सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


दियावा मंदिर परिसर में मछलीशहर विधायक ने बांटे फल- मछलीशहर। महाशिवरात्रि पर्व पर दियावा महादेव मंदिर में बुधवार को विधायक डा.रागिनी सोनकर ने समर्थकों के साथ जलाभिषेक कर दर्शन किए। इसके बाद मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच 10 क्विंटल फल का वितरण करने के साथ ही संवाद किया। मंदिर परिसर में सुबह 9 बजे से ही सपा नेता रोहित दुबे, सर्वेश शुक्ल, अभय यादव, सोनू यादव ने भक्तों के बीच फल वितरण करना शुरू किया। करीब 10 बजे विधायक रागिनी सोनकर ने जलाभिषेक किया। इसके बाद स्वयं लोगों को फल बांटने लगीं। इस मौके पर रविंद्र यादव, मुन्ना यादव, राम अंजोर शुक्ल आदि उपस्थित रहे।
गौरा मेहंदी लगाओ हाथ में, भोले लेके आएंगे बरात ...महाशिवरात्रि पर हुआ मां पार्वती का हल्दी-मेंहदी की रस्म, रीति रिवाज के साथ संपन्न हुआ विवाह
मुंगराबादशाहपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अंजही मोहल्ले में स्थित प्राचीन शिव बाबा मनोकामेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती को महिलाओं ने मेहंदी, तेल लगाने का रस्म निभाया। रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ। महिलाओं में सीता देवी, पूजा ऊमरवैश्य, मंजू देवी, अदिति गुप्ता, सन्नो देवी, वंदना गुप्ता व स्मृति ने एक-दूसरे के गाल पर हल्दी लगाकर खुशी का इजहार किया। ढोल-नगाड़े बजाकर बधाई गीत गाए गए। भोलेनाथ के विवाह पर चल रहे दो दिवसीय रस्म के दौरान मंदिर के आस-पास का पूरा इलाका भक्तिभाव में भरा नजर आया। महिलाओं द्वारा गौरा मेहंदी लगाओ हाथों में, भोले लेकर आएंगी बारात...., शिव शंकर को जिसने पूजा उसका बेड़ा पार हुआ आदि गीतों से मंदिर परिसर गुंजमान हो उठा। महिलाओं को मां पार्वती को चढ़ाई गई हल्दी, मेहंदी व शृंगार का सामान प्रसाद के रूप में वितरित कर दिया। क्षेत्र के विद्वान पंडित अभिषेक महाराज ने कहा कि जिस घर में किसी के विवाह में अड़चन है तो उसे प्रसाद रूपी हल्दी, मेहंदी लगाने से जल्द उसकी शादी हो जाती है। इस मौके पर आलोक कुमार गुप्ता, आशीष ऊमरवैश्य, बजरंगी, दीपक, निर्मला देवी, वंदना गुप्ता आदि मौजूद रहे।
भव्य शोभायात्रा के साथ निकली शिव बरात-शाहगंज। महाशिवरात्रि कांवरिया संघ नगर द्वारा भगवान शिव जी की भव्य शोभायात्रा एवं शिव बरात बुधवार की शाम निकाली गई। शोभायात्रा पक्का पोखरा स्थित काली चौरा मंदिर से निकलकर पश्चिमी कौड़िया पुराना चौक, मानस मंदिर, शाहपंजा, चूडी मोहल्ला, रामलीला भवन कोतवाली चौक, सब्जी मंडी कोतवाली मार्ग ,कलेक्टरगंज श्री रामपुर रोड डाकखाना त्रिमुहानी रोड, जेसीज चौराहा अयोध्या मार्ग होते हुए बेलवाई श्री भुनेश्वरनाथ महादेव शंकरधाम पहुंचीं। इसके बाद भक्तों ने जलाभिषेक किया। मौके पर संघ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रहरी सहित मनोज जायसवाल, मनीष अग्रहरि, शिव शंकर जायसवाल, बसंत लाल जायसवाल, राजकुमार अग्रहरि आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

जगह-जगह तोरण बनाकर की गई पुष्प वर्षा-मड़ियाहूं। महाशिवरात्रि पर प्राचीन कांवरिया संघ मड़ियाहूं द्वारा बुधवार को शोभायात्रा के साथ भव्य शिव बरात निकाली गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारे के बीच नाचते झूमते रहे। जगह-जगह तोरण द्वार बनाकर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। रास्ते में जगह-जगह समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। शिव बरात बुधवार दोपहर 12 बजे रामेश्वर महादेव मंदिर पक्का पोखरा से निकलकर मुख्य मार्ग होते हुए मछलीशहर रोड वाराणसी रोड शिवाजी नगर से नगर भ्रमण करते हुए श्री नीलकंठ महादेव मंदिर गोला बाजार पहुंची। यहां देर शाम शिव पार्वती विवाह का आयोजन किया गया। कांवरिया संघ के अध्यक्ष विवेक जायसवाल विक्की व कवलजीत सिंह गब्बर की देखरेख में संपन्न हुआ। इस मौके पर डॉ.परमजीत सिंह, अनुज चौरसिया, बंटी विकास, संतोष गुप्ता, मोहनलाल चौरसिया, अनिल कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ चक्रमण करते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed